Edited By Subhash Kapoor,Updated: 05 Apr, 2026 05:38 PM

कलयुगी पुलिस कर्मचारी पत्नी द्वारा अपना पाप छुपाने के लिए अपने आशिक के कहने पर स्कॉर्पियो गाड़ी चढ़ाकर अपने पति को मारने के आरोप में बिजली बोर्ड कर्मचारी प्रमिंदर सिंह पुत्र अवतार सिंह निवासी गांव चमिंडा के बयानों के आधार पर थाना दाखा पुलिस ने उसकी...
मुल्लांपुर दाखा (कालिया) : कलयुगी पुलिस कर्मचारी पत्नी द्वारा अपना पाप छुपाने के लिए अपने आशिक के कहने पर स्कॉर्पियो गाड़ी चढ़ाकर अपने पति को मारने के आरोप में बिजली बोर्ड कर्मचारी प्रमिंदर सिंह पुत्र अवतार सिंह निवासी गांव चमिंडा के बयानों के आधार पर थाना दाखा पुलिस ने उसकी पत्नी करमजीत कौर पुत्री सुखदेव सिंह निवासी गांव अकालगढ़ और उसके आशिक तरनजीत सिंह के खिलाफ धारा 110, 118(1), 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है।
थाना दाखा के प्रभारी इंस्पेक्टर कुलजिंदर सिंह ग्रेवाल ने बताया कि शिकायतकर्ता प्रमिंदर सिंह ने अपने बयान में आरोप लगाया कि वह बिजली बोर्ड में लाइनमैन है और लुधियाना घंटाघर में ड्यूटी करता है। ड्यूटी के बाद 2 अप्रैल को वह मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर आ रहा था।
इस दौरान उसकी पत्नी करमजीत कौर, जो कि पुलिस कर्मचारी है, काली स्कॉर्पियो गाड़ी चला रही थी और उसके साथ उसका आशिक तरनजीत सिंह बैठा था। जब उसने दोनों को देखा तो उसकी पत्नी गाड़ी लेकर भाग गई।
वह दोनों का पीछा करते हुए करीब शाम 5:30 बजे मुल्लांपुर बस स्टैंड पहुंचा, जहां जाम के कारण उनकी गाड़ी रुक गई। जब उसने उन्हें रोकने की कोशिश की तो पत्नी के साथ बैठे उसके दोस्त ने कहा कि गाड़ी अपने पति पर चढ़ा दो। इसके बाद उसकी पत्नी ने उसे मारने की नीयत से उसके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। इस दौरान वह उछलकर नीचे गिर गया और बाल-बाल बच गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसने यह भी आरोप लगाया कि उसका विवाह करीब 7 साल पहले करमजीत कौर से हुआ था और उनकी दो जुड़वां बेटियां हैं। पिछले 6 महीनों से उसकी पत्नी के तरनजीत सिंह के साथ अवैध संबंध हैं और वह उसे जान से मारने की धमकियां भी दे चुकी है। फिलहाल उसकी पत्नी उससे अलग होकर अपने मायके अकालगढ़ में रह रही है।
डीएसपी वरिंदर सिंह खोसा ने बताया कि मामले की जांच एएसआई सुखविंदर सिंह द्वारा की जा रही है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।