Edited By Vatika,Updated: 03 Sep, 2025 09:28 AM

रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है।
फिरोजपुर(कुमार): रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। दरअसल, कपूरथला-हुसैनपुर खंड के बीच भारी जलभराव और सेस कटिंग के कारण, रेल सेवाओं को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। यह जानकारी देते हुए डीआरएम कार्यालय फिरोजपुर के अधिकारियों ने बताया कि 3 सितंबर 2025 को गाड़ी संख्या 74931 जालंधर सिटी - फिरोजपुर कैंट,गाड़ी संख्या 74934 फिरोजपुर कैंट - जालंधर सिटी और गाड़ी संख्या 74935 जालंधर सिटी - फिरोजपुर कैंट नहीं चलेंगी। आपको बता दें कि पंजाब में पिछले कई दिनों से भारी बारिश हो रही है, जिसके कारण कई जगहों और गांवों में बाढ़ आ गई है। इस दौरान कई गांवों में पानी भर गया है। कई लोगों के घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। भारी बारिश के कारण लोग अपने घरों की छतों पर रहने को मजबूर हो रहे हैं।
जालंधर सिटी स्टेशन से चलने वाली कई ट्रेनें आज व कल के लिए रद्द, लंबे रूट भी प्रभावित
इसी क्रम में गिदड़पिंडी-मक्खू के बीच पुल नंबर का जल स्तर खतरे के निशान तक पहुंच जाने के कारण कई ट्रेनों को रद्द, शॉर्ट टर्मिनेट, शॉर्ट ओरिजिनेट और डायवर्ट किया गया है। इसके चलते जालंधर से चलने वाली व जालंधर आने वाली विभिन्न लोकल ट्रेनें आज रद्द रहेगी। इसी क्रम में जालंधर सिटी स्टेशन से फिरोजपुर के बीच चलने वाली 74939, 74932 को 3 व 4 सितम्बर के लिए रद्द किया गया। 3 सितम्बर के लिए जारी शैड्यूल के मुताबिक जालंधर सिटी-फिरोजपुर कैंट की ट्रेन नंबर 74931 और 74935 को लोहियां खास तक ही चलाया जाएगा, जबकि ट्रेन नंबर 74937 भी लोहियां खास पर शॉर्ट टर्मिनेट होगी। इसी तरह फिरोजपुर कैंट-जालंधर सिटी की ट्रेन नंबर 74934, 74936 और 74940 लोहियां खास से ही शुरू होगी। मक्खू में भी ट्रेनों को आंशिक रूप से प्रभावित किया गया है, जिसके तहत जालंधर सिटी-फिरोजपुर कैंट की ट्रेन नंबर 74933 और 54643 मक्खू से शुरू होगी, जबकि ट्रेन नंबर 54644 और 74938 मक्खू पर शॉर्ट टर्मिनेट होंगी।
लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी इसका असर पड़ा है। ट्रेन नंबर 13308 फिरोजपुर कैंट से धनबाद जंक्शन जाने वाली ट्रेन को 3 सितम्बर को फीरोजपुर कैंट से मोगा व लुधियाना रूट से डायवर्ट किया गया है, जबकि ट्रेन नंबर 13307 धनबाद-फिरोजपुर कैंट 1 सितम्बर को लुधियाना- मोगा से होकर फिरोजपुर कैंट रूट से गुजरेगी। इसके अलावा जालंधर सिटी-होशियारपुर की ट्रेन नंबर 54638 को 3 सितम्बर को 100 मिनट देरी से रवाना किया जाएगा, जबकि होशियारपुर-जालंधर सिटी की ट्रेन नंबर 54637 भी प्रभावित रहेगी। अधिकारियों ने कहा कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी संबंधित ट्रेनों की स्थिति की जानकारी अवश्य लें। वहीं, ट्रेनों की देरी का क्रम जारी है, जोकि यात्रियों के लिए परेशानी बन रहा है, जम्मू रूट की ट्रेनों के रद्द होने के चलते यात्रियों को दिक्कतें पेश आ रही है।