Edited By Vatika,Updated: 10 Nov, 2026 01:08 PM

औद्योगिक महानगर लुधियाना में बेखौफ घूम रहे लुटेरों और झपटमारों के हौसले इस कदर
लुधियाना, (राज): औद्योगिक महानगर लुधियाना में बेखौफ घूम रहे लुटेरों और झपटमारों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे मीडिया संस्थान के वर्कर और अखबार वितरण से जुड़े लोगों को भी लगातार निशाना बना रहे हैं। बीती रात और आज तड़के लुटेरों ने पंजाब केसरी के स्टाफ को अपना शिकार बनाते हुए दो अलग-अलग सनसनीखेज वारदातों को अंजाम दिया। फोकल प्वाइंट फेज-8 में पंजाब केसरी के गाड़ी चालक पर तेजधार हथियारों से खूनी हमला कर लूट की गई, जिससे चालक के सिर और नाक पर गंभीर चोटें आईं और अस्पताल में टांके लगाने पड़े। वहीं, दूसरी घटना में आज सुबह-सवेरे श्रृंगार सिनेमा रोड पर ड्यूटी पर निकले पंजाब केसरी के हॉकर को घेरकर नकदी लूट ली गई। चौबीस घंटे के भीतर एक ही संस्थान के दो कर्मचारियों के साथ हुई इन खूनी व लूट की वारदातों ने महानगर की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है।
वारदात 1: फोकल प्वाइंट फेज-8 में ड्राइवर पर जानलेवा हमला, सिर व नाक पर आए टांके
पहली घटना फोकल प्वाइंट फेज-8 इलाके में कल रात करीब 9:20 बजे पेश आई। पंजाब केसरी अखबार का ड्राइवर अपनी ड्यूटी के सिलसिले में उक्त क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान घात लगाकर बैठे हथियारबंद लुटेरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। लुटेरों ने आते ही छीना-झपटी शुरू कर दी और विरोध करने पर ड्राइवर पर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस खूनी हमले में चालक के सिर और नाक पर गहरे घाव हो गए और वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देकर लुटेरे मौके से आसानी से फरार हो गए लहुलूहान हालत में चालक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर और नाक पर कई टांके लगाए हैं।
वारदात 2: श्रृंगार सिनेमा रोड पर तड़के हॉकर को घेरा, 800 रुपये छीने
अभी रात की वारदात का खौफ थमा भी नहीं था कि आज सुबह करीब 6:00 बजे लुटेरों ने दूसरी वारदात को अंजाम दे डाला। घटना थाना डिवीजन नंबर-3 के तहत आते अति-व्यस्त श्रृंगार सिनेमा रोड की है। पंजाब केसरी का एक समाचार पत्र वितरक (हॉकर) सुबह-सवेरे अखबार वितरण के काम में जुटा हुआ था। इसी दौरान अचानक आए लुटेरों ने उसे रोक लिया और हथियारों के बल पर डराते-धमकाते हुए उसकी तलाशी ली। बदमाश हॉकर की जेब में रखे करीब 800 रुपये की नकदी जबरन लूटकर फरार हो गए। सुबह की ताजी हवा और रोशनी में हुई इस घटना ने स्थानीय हॉकरों और काम पर निकलने वाले लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं।
सड़कों पर गुंडाराज: आम जनता का घरों से निकलना हुआ दूभर
महानगर में लगातार घट रही डकैती, लूटपाट, स्नैचिंग और फायरिंग की वारदातों से शहरवासियों में गहरा रोष और दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि शहर की सड़कों पर पुलिस का कोई खौफ नहीं बचा है। दिन हो या रात, अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। सुबह-सवेरे रोजी-रोटी कमाने के लिए निकलने वाले मेहनतकश हॉकरों और रात के समय ड्यूटी करने वाले ड्राइवरों तक को सरेआम लहूलुहान किया जा रहा है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि आम नागरिकों का घर से सुरक्षित बाहर निकलना भी दुर्लभ हो गया है। शहरवासियों और मुलाजिमों ने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि फोकल प्वाइंट और शिंगार सिनेमा रोड की घटनाओं में शामिल आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और शहर भर में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।