Edited By Kalash,Updated: 02 Nov, 2026 10:55 AM

शहर की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और अपराधियों पर नजर रखने के लिए लगाए गए 'सेफ सिटी प्रोजेक्ट' के कैमरों को ही अब बेखौफ चोरों ने अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है।
लुधियाना (राज): शहर की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और अपराधियों पर नजर रखने के लिए लगाए गए 'सेफ सिटी प्रोजेक्ट' के कैमरों को ही अब बेखौफ चोरों ने अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है। थाना शिमलापुरी के अधिकार क्षेत्र में पड़ते अरोड़ा कट लाइटों के पास शातिर चोरों ने सेफ सिटी कैमरों के मुख्य कंट्रोल बॉक्स को तोड़कर उसमें लगीं कीमती 6 बैटरियां, यूपीएस, सिस्को का नेटवर्क स्विच और सिस्को राउटर चोरी कर लिया। गश्त पर निकली पीसीआर टीम ने जब बक्सा टूटा देखा, तो उनके होश उड़ गए। पुलिस मुलाजिम के बयानों पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सुबह गश्त के दौरान पीसीआर-27 की टीम को हुआ शक
पुलिस को दिए बयानों में पीसीआर मुलाजिम गुरमुख सिंह ने बताया कि वह थाना शिमलापुरी के इलाके में पीसीआर-27 मोटरसाइकिल पर सीनियर सिपाही हरप्रीत सिंह (168/लुधियाना) के साथ तैनात होकर ड्यूटी कर रहा था। 1 नवंबर की सुबह दोनों मुलाजिम अपनी तय बीट में ईंटों वाले चौक से अरोड़ा कट लाइटों की तरफ रूटीन गश्त पर थे। इसी दौरान सुबह करीब 6:15 बजे जब वे अरोड़ा कट लाइटों के पास पहुंचे, तो सड़क किनारे पोल पर लगा सेफ सिटी कैमरों की बैटरियों वाला बक्सा असामान्य रूप से खुला और टूटा हुआ दिखाई दिया।
लाखों के नेटवर्क उपकरण व बैटरियां साफ कर ले गए चोर
संदेह होने पर जब दोनों मुलाजिमों ने पास जाकर बक्से की बारीकी से जांच की, तो अंदर का सारा जरूरी सिस्टम गायब था। अज्ञात चोरों ने ताले और बक्से को तोड़कर निम्नलिखित सामान पर हाथ साफ कर दिया था। 2 KVA यूपीएस सिस्टम, अमरसन एक्साइड (Amarson Exide) 12V 26Ah की 6 बैटरियां, सिस्को (Cisco) कंपनी का नेटवर्क स्विच व पावर सप्लाई, सिस्को (Cisco) कंपनी का मुख्य राउटर शामिल है।
अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों और थाना शिमलापुरी को दी गई। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि रात के अंधेरे का फायदा उठाकर किसी शातिर गिरोह ने इस वारदात को अंजाम दिया है, जिसे सुरक्षा उपकरणों और कैमरों के तकनीकी सेटअप की पहले से जानकारी थी। पुलिस ने पीसीआर मुलाजिम के बयानों के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और चोरी की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। आसपास के निजी प्रतिष्ठानों और दुकानों के बाहर लगे निजी सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बैटरियों और नेटवर्किंग डिवाइस को ले जाने वाले संदिग्धों का सुराग लगाया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here