Edited By Vatika,Updated: 11 Nov, 2026 09:53 AM

त्योहारों और विशेष उत्सवों के उल्लास के बीच महानगर में की जाने वाली अंधाधुंध हवाई फायरिंग निर्दोष लोगों की जान पर भारी पड़
लुधियाना (राज): त्योहारों और विशेष उत्सवों के उल्लास के बीच महानगर में की जाने वाली अंधाधुंध हवाई फायरिंग निर्दोष लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। खुशियों के नाम पर हवा में दागी जाने वाली गोलियां मासूमों के सिर और सीने को छलनी कर रही हैं, लेकिन कमिश्नरेट पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली का आलम यह है कि वह आज तक एक भी आरोपित तक नहीं पहुंच सकी है। बीते तीन वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो दीपावली, लोहड़ी और नववर्ष के दौरान महानगर में हवाई फायरिंग की 11 प्रमुख वारदातें सामने आ चुकी हैं। इन दर्दनाक घटनाओं में अब तक तीन बेकसूर नागरिकों की अकाल मौत हो चुकी है, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच जूझ चुके हैं। पुलिस ने प्रत्येक घटना के बाद खानापूर्ति करते हुए अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की, लेकिन किसी भी मामले का तार्किक निष्कर्ष नहीं निकल सका।
एफएसएल रिपोर्टें फाइलों में दबीं, बैलिस्टिक मिलान से बचती रही पुलिस
हवाई फायरिंग के मामलों में पुलिसिया जांच की विफलता का सबसे बड़ा कारण तकनीकी साक्ष्यों की उपेक्षा रहा है।घटनास्थलों और पीड़ितों के शरीरों से निकाले गए गोलियों के लैड और खोखों को फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (FSL) तो भेजा गया, लेकिन कई मामलों में रिपोर्ट तैयार होकर आने के बावजूद उसे जांच का हिस्सा नहीं बनाया गया। पुलिस ने वारदात स्थल के आसपास के इलाकों में रहने वाले लाइसेंसी असलहा धारकों के हथियारों की न तो कोई व्यापक सूची तैयार की और न ही उनके हथियारों का बरामद गोलियों से बैलिस्टिक मिलान (Striation matching) करवाने की जहमत उठाई। जानकारों का मानना है कि यदि संबंधित वार्डों व कॉलोनियों के असलाधारकों के हथियारों की गंभीरता से जांच की जाती, तो फायरिंग में इस्तेमाल हथियार और उसे चलाने वाले रसूखदार आरोपित का आसानी से पता लगाया जा सकता था।
तीन साल की प्रमुख वारदातें, जिनमें आरोपित आज भी 'अज्ञात':
8 नवंबर 2026 (गिल रोड दानामंडी): गिल रोड स्थित दानामंडी के समीप झोपड़ी में सो रहे एक मासूम बच्चे को अचानक गिरी गोली आकर लगी, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया, लेकिन गोली किसने चलाई, इसका आज तक कोई सुराग नहीं।
8 नवंबर 2026 (शिमलापुरी): शिमलापुरी इलाके में खड़ी पूर्व पार्षद की गाड़ी की छत को चीरती हुई आसमान से आई गोली जा धंसी। गनीमत रही कि उस समय गाड़ी में कोई सवार नहीं था।
20 अक्टूबर 2025 (पंजपीर रोड): दीपावली की रात पंजपीर रोड पर अपने घर के बाहर खड़े एक युवक के सिर में अचानक आसमान से आई गोली जा लगी, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
13 जनवरी 2025 (फील्डगंज): लोहड़ी के दिन फील्डगंज इलाके में अपने घर की छत पर पतंग उड़ा रही एक मासूम बच्ची के सिर में सीधे गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान हो गई।
नवंबर 2024 (चंडीगढ़ रोड): चंडीगढ़ रोड पर अपनी साइकिल से जा रहे एक राहगीर के सिर में अचानक हवाई फायरिंग की गोली आ लगी, जिसने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
उत्सवों पर असलहा प्रदर्शनी पर प्रतिबंध सिर्फ कागजों तक सीमित
जिला प्रशासन और पुलिस कमिश्नर द्वारा हर त्योहार से पूर्व धारा 144 के तहत लाइसेंसी हथियार लेकर चलने और हवाई फायरिंग करने पर पाबंदी के आदेश तो जारी किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इसकी धज्जियां उड़ती हैं। रिहायशी कॉलोनियों और मैरिज पैलेसों में खुलेआम हथियार लहराए जाते हैं और जश्न के नाम पर गोलियां दागी जाती हैं। पुलिस की तरफ से ठोस सुरागरसी और जवाबदेही तय न होने के कारण यह अवैध और जानलेवा चलन लगातार बढ़ता जा रहा है, जिसका खामियाजा शहर की निर्दोष जनता को भुगतना पड़ रहा है।