Edited By Kalash,Updated: 10 Jun, 2026 12:40 PM

जिले में कुल 1603 राशन डिपो के मार्फत 1 अप्रैल से लेकर 30 जून तक के 3 महीनों की फ्री गेहूं बांटने का काम मुकम्मल किया जा रहा है।
लुधियाना (खुराना): खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के कंट्रोलर लखबीर सिंह संधू की अगवाई में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत लुधियाना जिले से संबंधित 4,54000 परिवारों के कुल 18 लाख के करीब सदस्यों को 3 महीने की फ्री गेहूं और राशन किटें मुहैया करवाने का काम युद्ध स्तर पर मुकम्मल किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक योजना से जुड़े परिवारों को मुहैया करवाई जा रही राशन किटों में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा गेहूं के इलावा दाल, नमक, चीनी, हल्दी और सरसों का तेल आदि भी फ्री में दिया जा रहा है। विभाग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक लुधियाना जिले में कुल 1603 राशन डिपो के मार्फत 1 अप्रैल से लेकर 30 जून तक के 3 महीनों की फ्री गेहूं बांटने का काम मुकम्मल किया जा रहा है।
इसके तहत राशन कार्ड में दर्ज प्रत्येक मैंबर को प्रति महीना 5 किलो के हिसाब से 3 महीने की 15 किलो ग्राम फ्री गेहूं दी जा रही है मान लो अगर किसी राशन कार्ड में कुल 6 मैंबर दर्ज है तो परिवार 90 किलोग्राम फ्री गेहूं लेने का हकदार है और इसके अतिरिक्त खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा योजना का हिस्सा बने परिवारो के सदस्यों को फ्री राशन किट भी तकसीम की जा रही है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विभिन्न टीमों द्वारा 8 जून तक 454000 लाभ पात्र परिवारों में से 1,55000 राशन कार्ड धारकों को फ्री गेहूं का लाभ दिया जा चुका है जबकि बाकी बचे अन्य परिवारों को फ्री गेहूं और राशन की किटें मुहैया करवाने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है।
गेहूं का दाना-दाना गरीब परिवारों की अमानत- कंट्रोलर संधू
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के कंट्रोलर लखबीर सिंह संधू ने कहा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना से जुड़े परिवारों को उनके हिस्से का अनाज मुहैया करवाने के लिए विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा सिस्टम में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए वह खुद मैदान में उतरकर लगातार चेकिंग कर रहे हैं ताकि योजना से जुड़ा कोई भी परिवार अपने हिस्से का अनाज प्राप्त करने से वंचित न रह सके और राशन बांटने के काम को पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ मुकम्मल किया जा सके। उन्होंने बताया मौजूदा समय तक 95000 परिवारों को राशन की फ्री किटें भेंट की गई है और बाकी रहते प्रत्येक परिवार को उनके हिस्से की किट देने का काम तेजी के साथ मुकम्मल किया जा रहा है। उन्होंने कहा गेहूं का दाना दाना गरीब परिवारों की अमानत है और अमानत में खयानत करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। यहां इस बात का जिक्र करना अनिवार्य होगा कि मौजूदा समय दौरान लुधियाना जिले के ईस्ट और वेस्ट दोनों सर्किलों का कार्यभार कंट्रोलर लखबीर सिंह संधू के कंधों पर टिका हुआ है क्योंकि वेस्ट के कंट्रोलर सरताज सिंह चीमा किन्हीं निजी कारणों के चलते एक महीने की छुट्टी पर चल रहे हैं।