Edited By Kalash,Updated: 11 Jun, 2026 06:07 PM

पिछले तीन दिनों से भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों को वीरवार शाम बड़ी राहत मिली
बठिंडा (विजय वर्मा): पिछले तीन दिनों से भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे लोगों को वीरवार शाम बड़ी राहत मिली, जब अचानक मौसम ने करवट लेते हुए तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का रूप धारण कर लिया। शाम करीब 5:00 बजे आसमान में काले बादल छा गए और कुछ ही देर में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। कई इलाकों में ओले भी गिरे, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया।
पिछले कई दिनों से जिले में तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा था। लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया था और पशु-पक्षी भी गर्मी से बेहाल थे। वीरवार शाम हुई हल्की बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को तपती गर्मी से राहत दिलाई। बारिश शुरू होते ही लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए और ठंडी हवाओं का आनंद लिया। मौसम में आए इस बदलाव का किसानों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। विशेषज्ञों के अनुसार तापमान में गिरावट और नमी बढ़ने से फसलों को फायदा पहुंचेगा। वहीं पशु-पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं को भी भीषण गर्मी से राहत मिली है।

हालांकि तेज हवाओं के कारण शहर में कुछ स्थानों पर नुकसान भी देखने को मिला। कई दुकानों के बाहर लगे होर्डिंग और बोर्ड गिर गए, जबकि कुछ जगहों पर बिजली के खंभों और तारों को भी नुकसान पहुंचा। तेज आंधी के चलते शहर के कई हिस्सों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और बत्ती गुल हो गई। इसके बावजूद मौसम सुहावना होने के कारण लोगों में बिजली कटौती को लेकर ज्यादा नाराजगी नहीं दिखी। बारिश और तेज हवाओं के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। कई स्थानों पर वाहन चालकों को रुककर मौसम सामान्य होने का इंतजार करना पड़ा। वहीं वर्षा के चलते संचार सेवाओं पर भी आंशिक असर देखने को मिला।

गौरतलब है कि मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी करते हुए बुधवार के बाद मौसम में बदलाव, तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई थी। वीरवार शाम मौसम विभाग का पूर्वानुमान बिल्कुल सही साबित हुआ और जिले में तेज हवाओं के साथ बारिश एवं ओले गिरने से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद मौसम ने राहत दी है। यदि आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार तापमान में गिरावट बनी रहती है तो लोगों को भीषण गर्मी और लू से काफी राहत मिलेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here