Bhatinda में मेयर का चयन! जानें किसे सौंपी गई कमान, विपक्ष मैदान से गायब

Edited By Subhash Kapoor,Updated: 11 Jun, 2026 05:57 PM

mayoral selection in bathinda assumes the office of mayor for the second time

नगर निगम बठिंडा में आम आदमी पार्टी ने अपनी राजनीतिक ताकत का जोरदार प्रदर्शन करते हुए पदमजीत सिंह मेहता को दूसरी बार मेयर बनाया है। 50 सदस्यीय हाउस में 38 पार्षदों ने खुलकर उनके पक्ष में हाथ खड़े किए, जबकि विपक्षी दल भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल मेयर...

बठिंडा, (विजय वर्मा) : नगर निगम बठिंडा में आम आदमी पार्टी ने अपनी राजनीतिक ताकत का जोरदार प्रदर्शन करते हुए पदमजीत सिंह मेहता को दूसरी बार मेयर बनाया है। 50 सदस्यीय हाउस में 38 पार्षदों ने खुलकर उनके पक्ष में हाथ खड़े किए, जबकि विपक्षी दल भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल मेयर चुनाव में उम्मीदवार तक खड़ा नहीं कर सके।

26 मई के निगम चुनाव में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने वाली आम आदमी पार्टी ने वीरवार को निगम हाउस में अपनी संख्या बल की ताकत दिखाते हुए मेयर की कुर्सी पर फिर कब्जा जमा लिया। इसके साथ ही पदमजीत मेहता बठिंडा नगर निगम के इतिहास में लगातार दूसरी बार मेयर बनने वाले पहले व्यक्ति बन गए हैं। वहीं मेहता  ने भी शिरोमणि अकाली दल के लगातार दो बार मेयर बनाने के पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

फरीदकोट मंडल के कमिश्नर की अध्यक्षता और डिप्टी कमिश्नर की मौजूदगी में हुई बैठक में पहले नव-निर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाई गई। इसके बाद खुले मतदान में पार्षदों ने हाथ खड़े कर अपना समर्थन जताया। मतदान प्रक्रिया पूरी तरह सार्वजनिक होने के कारण क्रॉस वोटिंग या भीतरघात की संभावनाओं पर भी विराम लग गया।

नगर निगम में बहुमत के लिए 26 वोटों की जरूरत थी, लेकिन उनके  पास पहले से ही 35 पार्षद थे। इसके अलावा अधिकांश निर्दलीय पार्षद भी पार्टी के साथ आ गए, जिससे मेहता की जीत महज औपचारिकता बनकर रह गई। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विपक्ष की ओर से उम्मीदवार न उतारना निगम हाउस में उसकी कमजोर स्थिति को दर्शाता है।

लंदन से शिक्षित पदमजीत सिंह मेहता पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के प्रधान अमरजीत सिंह मेहता के पुत्र हैं। उन्होंने दिसंबर 2024 में वार्ड नंबर 48 के उपचुनाव से राजनीति में प्रवेश किया था और डेढ़ वर्ष के भीतर लगातार दूसरी बार शहर की सबसे बड़ी कुर्सी हासिल कर ली। मेयर बनने के बाद पदमजीत मेहता ने कहा कि जनता ने विकास की राजनीति पर भरोसा जताया है। उनकी प्राथमिकता शहर की सफाई व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और निगम सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ाने की रहेगी। उन्होंने दावा किया कि बठिंडा को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर चंडीगढ़ की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।

मेयर चुनाव के बाद निगम परिसर के बाहर समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर जीत की खुशी साझा की और मेहता के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!