Edited By Subhash Kapoor,Updated: 11 Jun, 2026 12:32 AM

शहर में देर रात गुंडागर्दी का एक मामला सामने आया है। जानकारी अनुसार थाना नंबर 8 के अधीन आते न्यू गोबिंद नगर, सोढल रोड क्षेत्र में कुछ बाइक सवार युवकों द्वारा एक घर पर हमला किए जाने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जालंधर (वरुण): शहर में बुधवार देर रात सिल्वर प्लाजा की बैक साइड पर न्यू गोबिंद नगर में जम कर गुंडागर्दी हुई। एक बाइक पर सवार होकर आए तीन हमलावरों ने एक घर और साथ ही उनकी बुटीक के शटर पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले दौरान गोलियां चलने की भी बात सामने आई लेकिन शिकायतकर्ता ने ऐसे कोई आरोप नहीं लगाए। हमला करके भाग रहे तीन आरोपियों में से एक को लोगों ने काबू कर लिया जो आप नेता का भतीजा निखिल निकला। आप नेता के भतीजे को थाना आठ की पुलिस हवाले कर दिया गया है जिसका देर रात मेडिकल भी करवाया गया।
पुलिस को दी शिकायत में रविंदर जीत कौर पत्नी नरिंदर सिंह निवासी न्यू गोबिंद नगर ने कहा कि वह घर के साथ ही बुटीक चलाती है। उन्होंने कहा कि बुधवार रात बाइक सवार तीन युवकों ने उनके घर के गेट और बुटीक के शटर पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। उसके बेटे को ललकारा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने कहा कि जैसे वह सब लोग बाहर निकले तो हमलावरों ने भागने की कोशिश की जबकि कुछ दूरी पर सड़क पर पड़ी ईंटों से टकरा कर वह गिर गए। भीड़ ने बाइक के सबसे पीछे बैठे निखिल को काबू कर लिया और उसकी चित्तर परेड की। उसके पास से एक तेजधार हथियार भी बरामद किया गया। हालांकि हमले दौरान इलाके में फायरिंग होने की भी अफवाह फैली लेकिन शिकायतकर्ता ने फायरिंग के कोई आरोप नहीं लगाए। उधर पकड़े गए आरोपी को थाना आठ की पुलिस हवाले कर दिया गया है। आरोपी निखिल आप नेता का भतीजा है जिसका देर रात मेडिकल भी करवाया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बाकी के दो हमलावरों की तलाश में जुटी है।
