Edited By Vatika,Updated: 11 May, 2026 04:24 PM

पंजाब में अचानक बदले मौसम ने मोगा में भयावह हालात पैदा कर दिए हैं।
मोगा: पंजाब में अचानक बदले मौसम ने मोगा में भयावह हालात पैदा कर दिए हैं। तेज आंधी और बारिश-तूफान के कारण शहर के कई इलाकों में पेड़ गिरने और नुकसान की घटनाएं सामने आई हैं।
इस दौरान मोगा-अमृतसर रोड स्थित एक कपड़े के शोरूम के बाहर बड़ा हादसा टल गया, जब एक पुराने कीकर का भारी पेड़ अचानक एक कार पर आ गिरा। जानकारी के अनुसार यह कार मोगा के पूर्व सिविल सर्जन डॉ. अत्री की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि डॉ. अत्री की पत्नी शोरूम में सूट खरीदने आई हुई थीं, तभी यह घटना हुई। कार का ड्राइवर उस समय गाड़ी के अंदर मौजूद था। अचानक पेड़ की बड़ी टहनी गिरने से हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि ड्राइवर समय रहते गाड़ी से बाहर निकल गया और अपनी जान बचा ली।

हालांकि कार को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों और दुकानदार रमणदीप सिंह ने बताया कि तूफान इतना तेज था कि कुछ ही मिनटों में पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़कों पर गिरने लगीं। इसी तरह की कई अन्य घटनाएं मोगा जिले के अलग-अलग इलाकों से भी सामने आई हैं, जहां तेज हवाओं और बारिश के कारण पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की सूचनाएं मिली हैं।लोगों ने प्रशासन से पुराने और खतरनाक पेड़ों की कटाई और उचित देखभाल की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।