Edited By Vatika,Updated: 02 Feb, 2026 09:37 AM

ताजपुर रोड स्थित सुधाकर पाठक नगर में उस समय हड़कंप मच गया जब
लुधियाना(राज): ताजपुर रोड स्थित सुधाकर पाठक नगर में उस समय हड़कंप मच गया जब कुछ शरारती तत्वों ने श्री ओम शिव शक्ति मंदिर की मर्यादा को पैरों तले रौंद डाला। गली नंबर-1 स्थित इस मंदिर के प्रधान के मुताबिक उन्हें मोहल्ला निवासियों ने सूचना दी थी कि संदीप कुमार नाम का एक व्यक्ति मंदिर परिसर के भीतर घुसकर बेअदबी की वारदातों को अंजाम दे रहा है।
सूचना मिलते ही जब मंदिर कमेटी के प्रधान और इलाके के लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि आरोपी संदीप कुमार और उसके साथी बेखौफ होकर जूते-चप्पल पहने हुए मंदिर की चौखट के भीतर घूम रहे थे। जब प्रधान ने इस घोर बेअदबी का विरोध जताया और संदीप को मर्यादा का पाठ पढ़ाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उलटा उन्हें ही धमकाना शुरू कर दिया। आरोपी संदीप कुमार ने सरेआम दबंगई दिखाते हुए कहा कि यह जगह उसकी है और उसके पास कोर्ट के आदेश हैं, इसलिए वह यहाँ तोड़-फोड़ करने का हक रखता है। जैसे ही इस घटना की खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैली और लोग बड़ी संख्या में मंदिर के बाहर जमा होने लगे, तो आरोपी संदीप अपने परिवार और साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। आरोपी और उसके परिवार ने न केवल जूते पहनकर मंदिर को अपवित्र किया था, बल्कि भगवान शिव की पवित्र मूर्ति को भी खंडित कर दिया था।
प्रधान और मोहल्ला निवासियों का कहना है कि संदीप कुमार, उसके बेटे और पत्नी ने मिलकर इस पूरी घटना को अंजाम दिया है, जिससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को गहरी चोट पहुंची है। फिलहाल थाना डिविजन नंबर 7 की पुलिस ने इस मामले में मंदिर प्रधान मनोज पाठक की शिकायत पर संदीप और उसके परिवार के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने का केस दर्ज कर लिया है।