Edited By Vatika,Updated: 27 Apr, 2026 11:41 AM

थाना बस्ती जोधेवाल के अंतर्गत आते इलाके में एक कलयुगी मामा द्वारा अपनी ही 40 दिन की मासूम भांजी
लुधियाना (राज): थाना बस्ती जोधेवाल के अंतर्गत आते इलाके में एक कलयुगी मामा द्वारा अपनी ही 40 दिन की मासूम भांजी को बंधक बनाकर जान से मारने की धमकियां देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने भारी जद्दोजहद के बाद आरोपी को काबू कर बच्ची को सुरक्षित बचा लिया है।
बच्ची को कमरे में बंधक बनाकर रखा
मिली जानकारी के अनुसार, एस.आई. जसपाल सिंह समेत पुलिस पार्टी गश्त के दौरान इलाके में मौजूद थी, तभी उन्हें एक सूचना प्राप्त हुई। मौके पर पहुंचने पर हरनैल कौर नामक युवती ने बताया कि उसकी अपनी माता परमदीप कौर से मोबाइल पर बात हुई। परमदीप कौर ने पुलिस को सूचित किया कि उसका बेटा गुरअनमोल सिंह, जो अक्सर पैसों की मांग को लेकर अपनी मां के साथ झगड़ा करता था और जान से मारने की धमकियां देता था, आज फिर घर में घुस आया। परमदीप कौर की गैर-मौजूदगी में आरोपी गुरअनमोल सिंह ने अपनी बहन हरनैल कौर की मात्र 40 दिन की बेटी इलाहिनूर निज्जर को जबरन छीन लिया। पहले तो उसने भागने की कोशिश की, लेकिन जब वह सफल नहीं हो पाया तो उसने खुद को और मासूम बच्ची को घर की ऊपरी मंजिल के एक कमरे में बंद कर लिया। आरोपी लगातार खुद को और बच्ची को खत्म करने की धमकियां दे रहा था।
थाना बस्ती जोधेवाल की पुलिस टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बस्ती जोधेवाल की पुलिस टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला। करीब 4 घंटों की कड़ी मशक्कत और बातचीत के बाद पुलिस ने आरोपी से कमरा खुलवाया और मासूम बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार, बच्ची बहुत छोटी थी और कोई भी अनहोनी घटना घट सकती थी। पुलिस ने आरोपी गुरअनमोल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी थाना बस्ती जोधेवाल में उसकी मां की शिकायत पर कार्रवाई हो चुकी है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।