Edited By Vatika,Updated: 24 Apr, 2026 09:25 AM

रिश्तों को कलंकित करने वाला एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर आपकी रूह कांप
लुधियाना (राज): रिश्तों को कलंकित करने वाला एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर आपकी रूह कांप जाएगी। यहां एक सनकी प्रेमी ने अपनी लिव-इन पार्टनर के साथ दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं। मामूली सी बात पर हुए विवाद के बाद आरोपी ने न केवल महिला की बेरहमी से पिटाई की, बल्कि बाल काटने वाली मशीन से उसका सिर मुंड दिया और लोहे की रॉड मारकर उसकी बाजू तोड़ दी। फिलहाल लहूलुहान हालत में पीड़िता को सिविल अस्पताल लुधियाना में भर्ती कराया गया है।
21 अप्रैल की बताई जा रही घटना
इस मामले में थाना दुगरी की पुलिस ने पीड़ित कविता की शिकायत पर आरोपी आनंद चौधरी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दिए बयानों में पीड़िता ने बताया कि वह अपने पति को बताए बिना पिछले करीब एक साल से अपने दोस्त आनंद चौधरी के साथ लिव इन में रह रही थी। उसने सोचा था कि आनंद के साथ उसका जीवन सुखमय बीतेगा, लेकिन उसे क्या पता था कि जिस पर वह इतना भरोसा कर रही है, वही एक दिन उसके लिए काल बन जाएगा। घटना बीती 21 अप्रैल की बताई जा रही है। दोपहर करीब 2:00 बजे जब आनंद कुमार घर में बैठकर शराब पी रहा था, तो पीड़िता ने उसे शराब पीने से मना किया। बस इतनी सी बात उस दरिंदे को इतनी नागवार गुजरी कि वह हैवान बन गया।
आरोपी ने शर्मनाक करतूत की बनाई वीडियो
गुस्से में तमतमाए आनंद ने बाल काटने वाली मशीन उठाई और जबरन महिला के सिर के बाल काट दिए। इतना ही नहीं, उसने इस पूरी शर्मनाक करतूत की वीडियो भी बनाई ताकि वह पीड़िता को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर सके।आरोपी का गुस्सा इतने पर भी शांत नहीं हुआ। सिर मुंडने के बाद उसने लोहे की रॉड उठाई और पीड़िता पर जानलेवा हमला कर दिया। रॉड का वार सीधा महिला की कोहनी पर लगा, जिससे उसकी बाजू की हड्डी टूट गई। चीख-पुकार सुनकर जब शोर मचा तो पीड़िता को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां वह अभी भी उपचाराधीन है।पुलिस का कहना है कि आरोपी ने महिला को शारीरिक और मानसिक तौर पर बुरी तरह प्रताड़ित किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।