Edited By Kalash,Updated: 07 May, 2026 03:14 PM

लाडोवाल टोल प्लाजा पर गुंडागर्दी और अवैध वसूली का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।
लुधियाना (राज): लाडोवाल टोल प्लाजा पर गुंडागर्दी और अवैध वसूली का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। टोल प्लाजा का संचालन करने वाली कंपनी 'मैसर्स रणछोड़ इंफ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड' ने आरोप लगाया है कि कुछ शरारती तत्वों ने हथियारों के बल पर टोल संचालन में बाधा डाली और खुद अवैध रूप से वसूली भी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने लुधियाना के पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर तुरंत एफआईआर दर्ज करने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
हॉकी-बैट लेकर पहुंचे 10-15 युवक
शिकायत के मुताबिक, घटना 6 मई दोपहर करीब 3:15 बजे की है। आरोप है कि एक व्यक्ति अपने 10-15 साथियों के साथ लाडोवाल टोल प्लाजा पर धमक पड़ा। ये सभी युवक बेसबॉल बैट, हॉकी स्टिक और डंडों से लैस थे। इन लोगों ने टोल बूथों पर तैनात स्टाफ के बगल में अपने आदमी खड़े कर दिए और बसों से जबरन अवैध वसूली शुरू कर दी।
स्टाफ को दी धमकी, काम कराया बंद
जब टोल कर्मियों ने इस अवैध कब्जे का विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकियां दीं और उनके साथ बदसलूकी की। आरोप है कि राहों रोड का रहने वाला एक नामी व्यक्ति जिला प्रशासन के नाम का दुरुपयोग कर स्टाफ पर दबाव बना रहा था। इस गुंडागर्दी के कारण टोल प्लाजा पर काफी देर तक काम बाधित रहा और वहां दहशत का माहौल बन गया।
सरकारी राजस्व को चूना, सुरक्षा खतरे में
एनएचएआई ने पुलिस कमिश्नर को भेजे पत्र में चेतावनी दी है कि इस तरह की वारदातों से न केवल सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है, बल्कि विभाग की छवि भी खराब हो रही है। अथॉरिटी ने मांग की है कि टोल कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here