Edited By Vatika,Updated: 11 Apr, 2026 09:41 AM

सिमेट्री रोड पर स्थित एक ज्वेलरी शॉप से कारीगर द्वारा लाखों का सोना चोरी कर फरार
लुधियाना (राज): सिमेट्री रोड पर स्थित एक ज्वेलरी शॉप से कारीगर द्वारा लाखों का सोना चोरी कर फरार होने का मामला सामने आया है। आरोपी कारीगर मालिक का भरोसा जीतकर सुबह जेवर बनाने के लिए सोना लेकर गया था, लेकिन शाम को काम खत्म करने के बजाय वह कीमती पीली धातु लेकर चंपत हो गया। थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस ने विक्रम कपूर की शिकायत पर सैम्यूल मलिक मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जेवर तैयार करने के लिए ले गया था सोना
जानकारी के अनुसार, फव्वारा चौक के पास सिमेट्री रोड पर स्थित ज्वेलरी शॉप के मालिक विक्रम ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि उन्होंने दुकान पर जेवर बनाने के लिए कारीगर रखे हुए हैं। इनका रोज का काम सुबह सोना लेना और शाम को तैयार ज्वेलरी वापस करना था। मालिक के मुताबिक, उनका एक कारीगर सैमुअल मलिक 4 अप्रैल की सुबह उनसे जेवर तैयार करने के लिए सोना लेकर गया था।
लाखों में हैं चोरी हुए सोने की कीमत
जब शाम को मालिक ने अपना तैयार माल और हिसाब मांगा, तो सैमुअल अपनी जगह पर मौजूद नहीं था। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो पता चला कि वह करीब 122 ग्राम (22 कैरेट) सोना लेकर फरार हो चुका है। चोरी हुए सोने की कीमत लाखों में बताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और आरोपी कारीगर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।