Edited By Vatika,Updated: 16 Mar, 2026 03:52 PM

गैंगस्टर पंकज को प्रोडक्शन वारंट पर लाई लुधियाना पुलिस
लुधियाना(राज): लुधियाना की सी.आई.ए. की टीम खतरनाक गैंगस्टर पंकज राजपूत को दिल्ली से प्रोडक्शन वारंट पर लुधियाना लेकर पहुंची है। बता दें कि दिल्ली पुलिस ने करीब एक महीने पहले ही इसे लुधियाना के टिब्बा रोड स्थित इसके एक रिश्तेदार के घर से दबोचा था, जिसके बाद से यह दिल्ली की जेल में बंद था।
अब लुधियाना पुलिस इसे यहां दर्ज मामलों की कड़ियां जोड़ने के लिए लेकर आई है, जिसे आज अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि इसके क्राइम सिंडिकेट की गहराई तक पहुंचा जा सके। दरअसल, पंकज राजपूत कोई आम अपराधी नहीं है, बल्कि इसके खिलाफ लुधियाना के डिवीजन नंबर-2, बस्ती जोधेवाल और डिवीजन नंबर-7 सहित संगरूर, फिरोजपुर और बठिंडा जैसे जिलों में 16 से ज्यादा संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड की मानें तो यह शातिर अपराधी साल 2023 में जमानत पर बाहर आने के बाद अमेरिका फरार हो गया था और वहीं बैठकर लुधियाना में अपना ड्रग और हथियारों का काला साम्राज्य चला रहा था।
इसकी क्राइम हिस्ट्री इतनी पुरानी है कि 2019 में जब यह लुधियाना सेंट्रल जेल में बंद था, तब भी इसके पास से मोबाइल फोन बरामद हुआ था, जो जेल प्रशासन की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े करता था। इस गैंगस्टर के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस लंबे समय से जाल बिछा रही थी क्योंकि इसके गुर्गे लगातार शहर में दहशत फैला रहे थे। गौर हो कि बीते साल 18 अगस्त 2025 को सी.आई.ए. स्टाफ ने इसके बेहद करीबी मुकुल मट्टू को भारी मात्रा में हेरोइन और अवैध हथियारों के साथ दबोचा था। इतना ही नहीं, मई 2025 में जगराओं में हुई एक मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने 15 मामलों में नामजद रोशन सिंह को गिरफ्तार किया था, जिसके बारे में पुख्ता शक था कि वह सीधे अमेरिका में बैठे पंकज राजपूत के इशारों पर वारदातों को अंजाम दे रहा था। एस.टी.एफ. लुधियाना भी मार्च 2023 में इस गैंग के एक बड़े ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ कर चुकी है, जिसमें 2 किलो से ज्यादा हेरोइन पकड़ी गई थी। अब जबकि पंकज राजपूत खुद पुलिस की गिरफ्त में है, तो उम्मीद जताई जा रही है कि रिमांड के दौरान कई सफेदपोशों और इसके विदेशी संपर्कों के चेहरे बेनकाब होंगे। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराध जगत में हड़कंप मचा हुआ है और आने वाले दिनों में कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।