Edited By Vatika,Updated: 18 Apr, 2026 09:37 AM

शहर में एक बार फिर गैंगस्टर के नाम पर फिरौती और धमकियों का दौर शुरू हो गया है
लुधियाना (राज): शहर में एक बार फिर गैंगस्टर के नाम पर फिरौती और धमकियों का दौर शुरू हो गया है, जिससे दहशत का माहौल बना हुआ है। ताजा मामला थाना सराभा नगर के अंतर्गत आने वाले बाड़ेवाल इलाके से सामने आया है, जहां एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर अर्श डल्ला का करीबी बताते हुए एक परिवार को सरेआम धमकाया है।
1 मिनट 11 सेकंड तक दिखाया मौत का खौफ
इस मामले में पुलिस ने पीड़ित तकदीर सिंह और कुलदीप सिंह की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(2) और आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब साइबर सेल की मदद से अब उस विदेशी नंबर और फेसबुक अकाउंट की कुंडली खंगाली जा रही है।
बाड़ेवाल निवासी पीड़ितों ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने पहले फेसबुक पर लाइव होकर उनके परिवार को धमकियां दीं और उसके बाद हद तब पार हो गई जब 17 अप्रैल को उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। पाकिस्तान के कोड वाले नंबर (+92-3061335479) से आई इस कॉल पर करीब 1 मिनट 11 सेकंड तक मौत का खौफ दिखाया गया।
साल 2022 में NIA ने आतंकी किया था घोषित
उल्लेखनीय है कि अर्श डल्ला कोई साधारण नाम नहीं है, बल्कि केंद्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने साल 2022 में ही उसे आतंकी घोषित कर रखा है। देशभर में 70 से ज्यादा संगीन मामलों में नामजद डल्ला के गैंग में करीब 300 से अधिक गुर्गे सक्रिय बताए जाते हैं। अब पुलिस के सामने बड़ी चुनौती यह है कि क्या यह कॉल वास्तव में डल्ला गैंग से जुड़ी है या फिर कोई शरारती तत्व उसके नाम का इस्तेमाल कर लुधियाना के कारोबारियों और संपन्न परिवारों को निशाना बना रहा है। फिलहाल, पुलिस की टीमें कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के जरिए आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही हैं।