Edited By Vatika,Updated: 19 Aug, 2026 09:25 AM

महानगर के पॉश इलाके भाई रणधीर सिंह नगर में देर रात बाइक सवार अज्ञात हमलावरों द्वारा एक पिज्जा शॉप
लुधियाना (राज): महानगर के पॉश इलाके भाई रणधीर सिंह नगर में देर रात बाइक सवार अज्ञात हमलावरों द्वारा एक पिज्जा शॉप पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए 3 नकाबपोश हमलावरों ने दुकानदार को निशाना बनाते हुए काउंटर पर 3 फायर कर दिए। गनीमत रही कि दुकानदार बाल-बाल बच गया। फायरिंग की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही थाना सराभा नगर की पुलिस मौके पर पहुंची जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता गुरप्रीत सिंह ने बताया कि वह जे-ब्लॉक, बीआरएस नगर में स्थित 'पिज्जा फार्म मैक्सिको' नाम से दुकान चलाता है। 18 अगस्त की देर रात करीब 1 बजे पर वह अपनी दुकान पर मौजूद था। उसी दौरान एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर 3 अज्ञात युवक दुकान के बाहर आकर रुके। आरोपियों ने बिना कोई बात किए जान से मारने की नीयत से सीधे दुकान के काउंटर को निशाना बनाकर एक के बाद एक 3 गोलियां दाग दीं। अचानक हुई फायरिंग के चलते काउंटर के आसपास अफरा-तफरी मच गई और दुकानदार ने नीचे झुककर किसी तरह अपनी जान बचाई।वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद तीनों हमलावर अपनी मोटरसाइकिल भगाकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की सूचना मिलते ही थाना सराभा नगर की पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से खाली खोल बरामद किए हैं।
पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयानों पर 3 अज्ञात बाइक सवार हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बीआरएस नगर और आसपास के चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों के रूट और बाइक नंबर की पहचान की जा सके।