Edited By Kamini,Updated: 16 Sep, 2026 01:45 PM

पुलिस ने मामले में बेटे समेत करीब 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
फाजिल्का (सुनील नागपाल): फाजिल्का के ढाणी मोहना राम में उस समय रिश्ते तार-तार हो गए जब एक नशेड़ी बेटे ने जमीन के झगड़े में अपनी मां को गोली मार दी। फिलहाल, घायल महिला को इलाज के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे फरीदकोट रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामले में घायल महिला के बेटे समेत करीब 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, घायल महिला परमजीत कौर ने बताया कि उसके पति ओम सिंह सरपंच की मौत हो चुकी है। उसका 22 साल का बेटा परविंदर सिंह नशे का आदी है। आरोप है कि बेटे ने नशे की लत पूरी करने के लिए उसके पति की जमीन बेच दी और अब बची हुई जमीन भी बेचने की कोशिश कर रहा है।
परिवार वाले उसे जमीन बेचने से रोकते थे, जिस वजह से झगड़ा होता था। परमजीत कौर के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते परविंदर सिंह अपने साथियों के साथ घर आया और परिवार पर कई राउंड फायरिंग की। इस दौरान एक गोली परमजीत कौर के पैर में लगी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका बेटा भी उसे जान से मारने की धमकी देता है। उसने पुलिस से अपने बेटे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता के भाई बलविंदर सिंह ने बताया कि परिवार में करीब डेढ़ एकड़ जमीन परविंदर सिंह के नाम पर थी। आरोप है कि इसमें से करीब 5 कनाल जमीन बेच दी गई है।
अब परिवार वाले उसे बची हुई जमीन बेचने से रोक रहे हैं, जिसके चलते परविंदर उसके बड़े भाई को भी जान से मारने की धमकी देता था। उन्होंने बताया कि घटना के समय परिवार का बड़ा बेटा घर पर मौजूद नहीं था और फायरिंग के दौरान उसकी मां को गोली लग गई। पुलिस अधिकारी हरदेव सिंह बेदी ने बताया कि परमजीत कौर के बयानों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में एक पिस्टल, 11 खाली खोल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here