Edited By Vatika,Updated: 01 Sep, 2026 03:29 PM

गांव नूरशाह के पास ड्रेन के पुल पर नाकाबंदी कर चेकिंग कर रहे बीएसएफ के एक जवान की पुल से नीचे गिरने के कारण मौत हो गई।
फाजिल्का : गांव नूरशाह के पास ड्रेन के पुल पर नाकाबंदी कर चेकिंग कर रहे बीएसएफ के एक जवान की पुल से नीचे गिरने के कारण मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब जवान एक वाहन को रोककर उसकी चेकिंग कर रहा था। पुल के एक तरफ रेलिंग नहीं होने के कारण जवान अचानक नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद बीएसएफ के साथी जवान उसे तुरंत फाजिल्का के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। गांव निवासी जागीर सिंह ने बताया कि गांव के पास ड्रेन के ऊपर बने पुल के एक तरफ लंबे समय से रेलिंग नहीं है। इसके कारण यहां हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि पुल पर रेलिंग लगाने की मांग कई बार प्रशासन और सरकार से की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। जागीर सिंह के अनुसार, बीएसएफ जवान पुल पर नाका लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक वाहन को रोककर चेकिंग करते समय जवान रेलिंग नहीं होने के कारण पुल से नीचे गिर गया। गंभीर चोटें लगने के कारण उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने कहा कि अब वे एकजुट होकर प्रशासन और विधायक से मुलाकात करेंगे। वे पुल की मरम्मत करवाने और वहां रेलिंग लगाने की मांग करेंगे, ताकि भविष्य में इस तरह का हादसा दोबारा न हो।
मोगा का रहने वाला था लख्खा सिंह
मृतक बीएसएफ जवान की पहचान मोगा निवासी लख्खा सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बीएसएफ की 19वीं बटालियन में एएसआई के पद पर तैनात था। सरकारी अस्पताल के डॉक्टर प्रतीक ने बताया कि बीती रात बीएसएफ के जवान एक व्यक्ति का शव अस्पताल लेकर पहुंचे थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस को भी मामले की सूचना दी जा रही है।