Edited By Kamini,Updated: 03 Sep, 2026 07:00 PM

शहर के जिला परिषद परिसर को बम धमाके से उड़ाने की धमकी मिली है।
बठिंडा (विजय वर्मा): शहर के जिला परिषद परिसर को बम धमाके से उड़ाने की धमकी मिली है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के बठिंडा जिले के 3 दिवसीय दौरे से ठीक 2 दिन पहले शहर के जिला परिषद परिसर को बम धमाके से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। गुरुवार को जिला परिषद कार्यालय को धमकी भरी ईमेल मिलने के बाद तुरंत सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया।
जिला परिषद परिसर में जिला परिषद का कार्यालय, लाइब्रेरी और कई दुकानें हैं। ईमेल मिलते ही एहतियात के तौर पर लाइब्रेरी को खाली करवा दिया गया और सुरक्षा टीमों ने पूरे परिसर की सेबोटाज विरोधी तथा बम निरोधक जांच शुरू कर दी। किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
मान के दौरे से पहले दूसरी बड़ी धमकी
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब मुख्यमंत्री भगवंत मान 5 से 7 सितंबर तक बठिंडा जिले के दौरे पर रहेंगे। 5 सितंबर को वह शहीद भगत सिंह स्टेडियम में ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के मुकाबलों का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद 6 सितंबर को घुडा और 7 सितंबर को महराज गांव में ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
पहले भी मिल चुकी धमकी
आपको बता दें कि, 26 अगस्त को भी बठिंडा जिला अदालत परिसर और कुछ शिक्षण संस्थानों को बम धमाकों की धमकी वाली ईमेल मिली थीं। इन ईमेल में 5 सितंबर को बठिंडा में मुख्यमंत्री की हत्या करने की धमकी भी दी गई थी। पुलिस ने विभिन्न स्थानों की तलाशी लेने के बाद इन ईमेल को होक्स करार दिया था, लेकिन संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।
खालिस्तान समर्थक नारों के बाद फिर धमकी
इससे पहले 24 अगस्त को भी बठिंडा जिले के कुछ स्थानों, यहां तक कि एक सरकारी स्कूल पर, पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के हत्यारे दिलावर सिंह की प्रशंसा करने वाले खालिस्तान समर्थक नारे लिखे मिले थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर चौकसी बढ़ा दी थी। डीएसपी अरुण मुंडन ने बताया कि धमकी मिलने के बाद इमारत को खाली करवाकर सेबोटाज विरोधी चेकिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ईमेल किसी खालिस्तान समर्थक समूह की ओर से भेजी गई है। लगातार मिल रही धमकियों के कारण अब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के लिए मुख्यमंत्री के 5 सितंबर से शुरू होने वाले बठिंडा दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और भी बड़ी चुनौती बन गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here