बठिंडा में ISI के जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश! मिलिट्री इंटेलिजेंस ने दबोचा Pakistani Agent

Edited By Kamini,Updated: 27 Nov, 2026 05:52 PM

isi spy network busted in bathinda

देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के कथित जासूसी नेटवर्क पर बठिंडा में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ा प्रहार किया है।

बठिंडा (विजय वर्मा): देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के कथित जासूसी नेटवर्क पर बठिंडा में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ा प्रहार किया है। मिलिट्री इंटेलिजेंस और पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिस पर बठिंडा कैंट के संवेदनशील सैन्य ठिकानों की रेकी करने और उनकी गोपनीय जानकारी पाकिस्तान में बैठे ISI ऑपरेटिव्स तक पहुंचाने का गंभीर आरोप है। 

इस गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की तह तक पहुंचने में जुटी हैं कि आखिर देश की सामरिक सुरक्षा से जुड़ी कितनी जानकारियां सीमा पार पहुंचाई गईं और इस जासूसी नेटवर्क की जड़ें कितनी गहरी हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतनाम सिंह उर्फ सत्तू पुत्र वीर सिंह निवासी गांव जखरावां, जिला फिरोजपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं के संपर्क में था और उनके इशारे पर बठिंडा कैंट के महत्वपूर्ण सैन्य प्रतिष्ठानों की गतिविधियों, लोकेशन और अन्य संवेदनशील जानकारियों पर नजर रख रहा था। शुरुआती जांच में सामने आए इन आरोपों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

सैन्य ठिकानों की रेकी, सीमा पार भेजी जा रही थी जानकारी

सूत्रों के अनुसार, आरोपी की गतिविधियों पर सुरक्षा एजेंसियों की नजर थी। इसके बाद काउंटर इंटेलिजेंस बठिंडा, मिलिट्री इंटेलिजेंस यूनिट बठिंडा (साउथ वेस्टर्न कमांड) और स्थानीय पुलिस ने आपसी तालमेल से कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच एजेंसियों को आशंका है कि आरोपी सैन्य प्रतिष्ठानों की रेकी कर महत्वपूर्ण सूचनाएं जुटाता था और उन्हें पाकिस्तान में बैठे ISI ऑपरेटिव्स तक पहुंचाता था। अब जांच का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि आरोपी ने किन-किन सैन्य ठिकानों की रेकी की, कितनी बार पाकिस्तान संपर्क किया, किस माध्यम से सूचनाएं भेजीं और इस पूरे नेटवर्क में उसके अलावा कितने लोग शामिल हैं।

3 पुराने आपराधिक मामलों ने बढ़ाई जांच की गंभीरता

हैरानी की बात यह है कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी पहले से रहा है। उसके खिलाफ फिरोजपुर जिले में 3 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022 में थाना सदर फिरोजपुर में दर्ज मामला, वर्ष 2026 का आर्म्स एक्ट का मामला तथा थाना आरिफ के में 6.25 किलो हेरोइन बरामदगी से संबंधित एनडीपीएस एक्ट का मामला शामिल है। पुलिस के अनुसार, आरोपी आर्म्स एक्ट और हेरोइन बरामदगी के मामलों में भी वांछित था। आर्म्स एक्ट के मामले में ड्रोन और जिंदा कारतूस की बरामदगी का पहलू भी सामने आया है। ऐसे में जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि जासूसी, हथियारों और नशा तस्करी के बीच कोई संगठित नेटवर्क तो काम नहीं कर रहा था।

और ये भी पढ़े

    सिविल लाइंस थाने में देश की सुरक्षा से जुड़ी धाराओं में केस

    इस मामले में थाना सिविल लाइंस बठिंडा में एफआईआर नंबर 0346 दिनांक 25 नवंबर 2026 को दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 113(3), 152 और ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

    2026 में काउंटर इंटेलिजेंस की कई बड़ी कार्रवाइयां

    काउंटर इंटेलिजेंस बठिंडा ने वर्ष 2026 के दौरान राष्ट्रविरोधी गतिविधियों, अवैध हथियारों और नशा तस्करी के खिलाफ कई कार्रवाई की हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इस दौरान 23 पिस्तौल और 63 जिंदा कारतूस, दो हैंड ग्रेनेड तथा दो सीसीटीवी कैमरे बरामद किए गए। इसके अलावा पेट्रोल बम से जुड़े दो मामलों को भी सुलझाया गया। नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में तीन किलो हेरोइन, एक किलो आइस, 180 किलो भुक्की और पांच किलो अफीम बरामद की गई।

    अब सबसे बड़ा सवाल: पाकिस्तान तक कितनी पहुंची गोपनीय जानकारी?

    सतनाम सिंह की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों के सामने कई अहम सवाल खड़े हैं। क्या आरोपी अकेले ही जासूसी कर रहा था या उसके पीछे पूरा नेटवर्क सक्रिय था? क्या सैन्य प्रतिष्ठानों की रेकी के लिए उसे स्थानीय स्तर पर मदद मिल रही थी? ड्रोन, हथियारों और हेरोइन के पुराने मामलों के तार क्या इस जासूसी नेटवर्क से जुड़े हैं? इन सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी को बठिंडा में सैन्य सुरक्षा और खुफिया तंत्र के लिहाज से महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

    अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

    Related Story

      Trending Topics

      img title
      img title

      Be on the top of everything happening around the world.

      Try Premium Service.

      Subscribe Now!