14 महीने तक निगम का खजाना लूटता रहा ठेकेदार! मल्टीलेवल पार्किंग पर जड़ा ताला

Edited By Kamini,Updated: 27 Nov, 2026 05:33 PM

multilevel parking close

शहर के माल रोड स्थित 6 मंजिला मल्टीलेवल कार पार्किंग पर आखिरकार नगर निगम ने सील लगा दी।

बठिंडा (विजय वर्मा): शहर के माल रोड स्थित 6 मंजिला मल्टीलेवल कार पार्किंग पर आखिरकार नगर निगम ने सील लगा दी। लेकिन इस कार्रवाई ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि ठेकेदार पिछले करीब 14 महीनों से निगम को किराये की किस्तें नहीं दे रहा था, लेकिन इसके बावजूद पार्किंग का संचालन लगातार करता रहा और जनता से पार्किंग शुल्क वसूलता रहा। निगम के अधिकारी नोटिस भेजने तक सीमित रहे और सरकारी खजाने का करीब 97.79 लाख रुपये बकाया हो गया।

अब सवाल यह नहीं है कि पार्किंग सील क्यों की गई, बल्कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब ठेकेदार लगातार सरकारी खजाने को चूना लगा रहा था तो निगम के अधिकारी 14 महीने तक क्या करते रहे? आखिर किसके संरक्षण या लापरवाही के चलते ठेकेदार को पार्किंग चलाने की छूट मिलती रही? क्या निगम अधिकारियों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि हर महीने सरकारी राजस्व का नुकसान हो रहा है? निगम की तहबाजारी एवं एडवर्टाइजमेंट शाखा की रिपोर्ट में ठेकेदार पर 97,79,588 रुपये की देनदारी सामने आई है। इसके बाद शुक्रवार को पार्किंग को सील कर दिया गया। तहबाजारी शाखा के सुपरिंटेंडेंट कुलविंदर सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि जनरल हाउस ने 2 नवंबर 2026 को ठेका रद्द करने और ठेकेदार की 17.42 लाख रुपये की बैंक गारंटी जब्त करने का प्रस्ताव पास किया था। स्थानीय निकाय विभाग से मंजूरी मिलने के बाद कार्रवाई की गई है।

7 किस्तें हजम, जनता से वसूली जारी!

नगर निगम के रिकॉर्ड के अनुसार माल रोड मल्टीलेवल पार्किंग का ठेका गुरमेल सिंह विर्क को 21 जून 2023 से 20 जून 2028 तक 5 साल के लिए दिया गया था। इसके लिए 9 अगस्त 2023 को वर्क ऑर्डर जारी किया गया। ठेके की सालाना बोली करीब 69.98 लाख रुपये प्लस जीएसटी और टीसीएस थी। रिपोर्ट के मुताबिक ठेकेदार ने 10 अगस्त 2025 से 9 अक्टूबर 2026 तक की 7 किस्तें जमा नहीं करवाईं। प्रत्येक किस्त की कुल राशि 13,97,084 रुपये थी। इस तरह मूल किराया, जीएसटी और टीसीएस मिलाकर कुल 97,79,588 रुपये बकाया हो गए। यानी निगम को देने के लिए ठेकेदार के पास पैसे नहीं थे, लेकिन पार्किंग में आने वाले वाहन चालकों से शुल्क वसूली का सिलसिला जारी रहा। अब यह जांच जरूरी है कि इस दौरान पार्किंग से कितनी कमाई हुई और निगम के खाते में कितनी राशि जमा करवाई गई।

नोटिस पर नोटिस, लेकिन कार्रवाई के नाम पर 14 महीने की चुप्पी!

निगम अधिकारियों का कहना है कि ठेकेदार को कई बार लिखित नोटिस जारी किए गए। यहां तक कि 31 अगस्त 2026 को अंतिम मौका देने के लिए भी पत्र भेजा गया, लेकिन भुगतान नहीं हुआ। ऐसे में सवाल उठता है कि जब ठेकेदार नोटिसों को लगातार नजरअंदाज कर रहा था तो निगम ने समय रहते पार्किंग अपने कब्जे में क्यों नहीं ली? क्या सरकारी संपत्ति और राजस्व की सुरक्षा केवल नोटिस भेजने से हो जाती है? निगम चाहता तो अनुबंध की शर्तों के अनुसार समय रहते कार्रवाई कर सकता था और अपने कर्मचारियों के माध्यम से पार्किंग का संचालन करवाकर सरकारी पर्चियों से फीस वसूल सकता था। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब सील लगने के बाद अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग भी उठने लगी है।

हाईकोर्ट में केस, लेकिन स्टे नहीं; फिर कार्रवाई में देरी क्यों?

पार्किंग विवाद पहले भी कई बार सुर्खियों में रहा है। 8 अगस्त 2025 को जनरल हाउस की बैठक में सार्वजनिक शिकायतों के बाद टो-अवे यानी टो वैन व्यवस्था तत्काल बंद करने और मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय कमेटी गठित करने का प्रस्ताव रखा गया था। इसके खिलाफ ठेकेदार ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में CWP नंबर 25118/2025 दायर की थी। निगम की रिपोर्ट के अनुसार अदालत ने इस मामले में कोई स्टे ऑर्डर जारी नहीं किया था। मामले की अगली तारीख 30 अक्टूबर 2026 दर्ज थी। जब अदालत की ओर से कोई रोक नहीं थी और निगम के पास अनुबंध के तहत कार्रवाई करने के अधिकार भी मौजूद थे, तो फिर बकाया वसूली और ठेका रद्द करने की प्रक्रिया में इतनी देरी क्यों हुई? यह सवाल अब निगम प्रशासन को जवाब देना होगा।

बैंक गारंटी 17.42 लाख, बकाया 97.79 लाख; बाकी रकम कैसे वसूलेगा निगम?

टेंडर की शर्तों के अनुसार ठेकेदार को बोली की 25 प्रतिशत राशि के बराबर परफॉर्मेंस बैंक गारंटी जमा करवानी थी। किस्त जमा करने में अधिकतम 15 दिन की देरी पर 18 प्रतिशत सालाना ब्याज का प्रावधान था। इससे अधिक देरी होने पर निगम को ठेका रद्द करने, ब्याज और पेनल इंटरेस्ट सहित बकाया वसूलने तथा बैंक गारंटी भुनाने का अधिकार था। अब निगम ने 17.42 लाख रुपये की बैंक गारंटी जब्त करने का प्रस्ताव पास किया है, जबकि बकाया राशि करीब 97.79 लाख रुपये है। ऐसे में सवाल है कि शेष करीब 80 लाख रुपये से अधिक की वसूली किस तरीके से होगी? क्या निगम ठेकेदार से पूरी राशि वसूल पाएगा या सरकारी खजाने को नुकसान उठाना पड़ेगा?

एलईडी स्क्रीन से हुई कमाई का भी खुलेगा हिसाब?

पार्किंग के बाहर लगी डिजिटल विज्ञापन एलईडी स्क्रीन से होने वाली कमाई भी जांच के दायरे में आनी चाहिए। टेंडर की शर्तों के अनुसार ठेकेदार को परिसर में अधिकतम 200 वर्गफुट का एक डिजिटल और 200 वर्गफुट का एक स्टैटिक विज्ञापन बोर्ड लगाने की अनुमति थी। इसके लिए कमिश्नर की पूर्व मंजूरी जरूरी थी। अब निगम को यह भी बताना चाहिए कि विज्ञापन से कितनी कमाई हुई, किसकी अनुमति से स्क्रीन लगाई गई और विज्ञापन से प्राप्त राशि का हिसाब कहां है? जब ठेकेदार निगम को किराया नहीं दे रहा था तो विज्ञापन से कमाई करने की अनुमति जारी रखने का आधार क्या था?

व्यापारियों के विरोध के बावजूद नहीं सुधरी व्यवस्था

मल्टीलेवल पार्किंग और टो-अवे व्यवस्था को लेकर अगस्त 2023 में ही दुकानदारों तथा व्यापारिक संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया था। व्यापारियों ने आरोप लगाया था कि ग्राहकों की गाड़ियां मनमाने ढंग से उठाई जा रही हैं और उनसे जुर्माना वसूला जा रहा है। अगस्त 2024 में धोबी बाजार और गोल डिग्गी क्षेत्र के व्यापारियों ने दोबारा विरोध जताते हुए बाजार बंद रखा था। उस समय 4 पहिया वाहन उठाने पर 800 रुपये शुल्क निर्धारित था, जिसमें 500 रुपये ठेकेदार और 300 रुपये निगम को मिलने थे। लगातार विरोध के बाद निगम ने टो-अवे व्यवस्था अपने हाथ में लेने का फैसला किया था। बाद में अगस्त 2025 में इसे बंद करने का निर्णय लिया गया, लेकिन मूल पार्किंग ठेका जारी रहा।

अब सिर्फ सील नहीं, अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए

नगर निगम ने पार्किंग सील करके ठेका रद्द करने की दिशा में कदम तो उठा लिया है, लेकिन इस पूरे मामले का असली हिसाब अभी बाकी है। पंजाब म्युनिसिपल कॉरपोरेशन एक्ट 1976 की धारा 382 के तहत निगम के बकाया शुल्क, किराये और अन्य देय राशि की वसूली का प्रावधान है। अब जरूरत है कि पिछले 14 महीनों के पार्किंग राजस्व का विशेष ऑडिट करवाया जाए। ठेकेदार द्वारा जनता से वसूली गई फीस, विज्ञापन से हुई कमाई, निगम को जमा करवाई गई रकम और बकाया भुगतान का पूरा हिसाब सार्वजनिक किया जाए। सबसे अहम बात यह है कि उन अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए, जिनके कार्यकाल में ठेकेदार सात किस्तें जमा करवाए बिना सरकारी पार्किंग का संचालन करता रहा। आखिर सरकारी खजाने को 97.79 लाख रुपये का नुकसान होने तक इंतजार क्यों किया गया? पार्किंग पर सील लग गई, लेकिन अब जनता यह जानना चाहती है कि सरकारी खजाने की रखवाली करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही कब तय होगी? कहीं ऐसा न हो कि पार्किंग का ताला तो लग जाए, लेकिन इस पूरे मामले की फाइल भी सरकारी दफ्तरों में बंद होकर रह जाए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!