Edited By Vatika,Updated: 04 Sep, 2026 12:13 PM

आगामी त्यौहारों को देखते हुए रेलयात्रियों के सुविधाजनक आवागमन हेतु रेलवे द्वारा फिरोजपुर
फिरोजपुर (कुमार) : आगामी त्यौहारों को देखते हुए रेलयात्रियों के सुविधाजनक आवागमन हेतु रेलवे द्वारा फिरोजपुर छावनी-पटना-फिरोजपुर छावनी आरक्षित त्यौहार स्पेशल रेलगाड़ियों का संचालन किया जाएगा।
जानकारी देते हुए बसंत कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, उत्तर रेलवे फिरोजपुर ने बताया कि आरक्षित त्यौहार स्पैशल एक्सप्रेस ट्रेन 04616 फिरोजपुर कैंट से पटना के लिए दिनांक 06 अक्तूबर 2026 से 24 नवम्बर 2026 (8 ट्रिप) के बीच प्रत्येक मंगलवार को खुलेगी। यह आरक्षित त्यौहार स्पैशल एक्सप्रेस ट्रेन 04616 फिरोजपुर कैंट से दोपहर 12:00 बजे प्रस्थान करके लगभग 30 घंटे बाद शाम 18:35 बजे पटना पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि आरक्षित त्यौहार स्पैशल एक्सप्रेस ट्रेन 04615 पटना से फिरोजपुर कैंट के लिए दिनांक 07.10.2026 से 25.11.2026 (8 ट्रिप) के बीच प्रत्येक बुधवार को चलेगी। यह आरक्षित त्यौहार स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन 04615 पटना से रात्रि 20:20 बजे प्रस्थान करके लगभग 27 घंटे बाद रात्रि 23:55 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए मार्ग में ये आरक्षित त्यौहार स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन मोगा, लुधियाना, अम्बाला कैंट, यमुनानगर जगाधरी, सहारनपुर, रुड़की, नजीबाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, बालामऊ, आलमनगर, उतरेटिया, रायबरेली, मां बेल्हा देवी धाम (प्रतापगढ़), जंघई, वाराणसी, प. दीन दयाल उपाध्याय, बक्सर, रघुनाथपुर, आरा तथा दानापुर रेलवे स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी। उन्होंने बताया कि इसमें वातानुकूलित 2 टियर (1 कोच), वातानुकूलित 3 टियर (2 कोच), स्लीपर (09 कोच) एवम् जनरल श्रेणी (6 कोच) के कोच लगे हुए है। उन्होंने रेलयात्रियों से आग्रह करते हुए कहा कि वे त्यौहार स्पैशल ट्रेन का लाभ उठाएं और अपनी यात्रा सुगम और आसान बनाए।