Edited By Kalash,Updated: 27 Apr, 2026 05:06 PM

भामियां इलाके में रंजिश और क्रूरता का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने समाज को झकझोर कर रख दिया है।
लुधियाना (राज): भामियां इलाके में रंजिश और क्रूरता का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने समाज को झकझोर कर रख दिया है। एक फैक्ट्री कर्मचारी को न केवल सरेआम अगवा किया गया, बल्कि उसे बंधक बनाकर पीटने के साथ-साथ उसके साथ अमानवीयता की सारी हदें पार कर दी गईं। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और उसके सिर पर पेशाब कर उसे जलील किया।
पूरा मामला विजय नगर निवासी सुयामित्र के साथ जुड़ा है, जो एक फैक्ट्री में काम करता है। पीड़ित के अनुसार उसने करीब एक महीने पहले अपनी ही एक महिला सहकर्मी से कुछ पैसे उधार लिए थे। शुक्रवार को जब वह ईमानदारी दिखाते हुए महिला के घर उधार की रकम वापस लौटाने गया, तो वहां पहले से मौजूद महिला के चचेरे भाइयों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि उक्त युवकों ने उसको जबरन अपनी कार में बिठा लिया और उसे वहां से अगवा कर ले गए।
सुयामित्र ने पुलिस को दी शिकायत में रोंगटे खड़े कर देने वाली आपबीती सुनाई। उसने बताया कि आरोपी उसे सारा दिन अलग-अलग सुनसान जगहों पर ले गए और उस पर कहर बरपाते रहे। दोपहर 12 बजे से शुरू हुआ यह प्रताड़ना का दौर रात के 2 बजे तक चला। इस दौरान उसे न केवल बुरी तरह पीटा गया, बल्कि आरोपियों ने उसके सिर पर पेशाब कर उसे गहरे मानसिक सदमे में डाल दिया। करीब 14 घंटों तक बंधक बनाए रखने के बाद आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकियां देते हुए छोड़ दिया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस एक्शन में आ गई है। जांच अधिकारी एएसआई गुरचरण सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का जायजा ले लिया है और मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सच्चाई जानने के लिए दोनों पक्षों को मंगलवार को थाने तलब किया गया है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here