Edited By Kalash,Updated: 20 Apr, 2026 01:00 PM

बाजवा नगर में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गली नंबर 2 में स्थित एक बिल्डिंग में अचानक भयानक आग लग गई।
लुधियाना (राज): बाजवा नगर में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गली नंबर 2 में स्थित एक बिल्डिंग में अचानक भयानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना रौद्र रूप धारण कर लिया कि ऊंची-ऊंची लपटों के साथ काले धुएं का गुबार आसमान में छा गया। आग लगने की खबर मिलते ही पूरे इलाके में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
घटना की जानकारी तुरंत दमकल विभाग को दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां सायरन बजाती हुई मौके पर पहुंचीं। संकरी गलियां होने के कारण फायर कर्मियों को शुरुआत में काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन जांबाज कर्मचारियों ने मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया है। फिलहाल दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पानी की बौछारें कर रही हैं ताकि आग को साथ लगती अन्य इमारतों में फैलने से रोका जा सके। अभी तक आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन अंदेशा जताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ होगा।
गनीमत यह रही कि दमकल विभाग को समय रहते सूचना मिल गई। समाचार लिखे जाने तक बचाव कार्य जोरों पर जारी था और पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा ले रहा है। अधिकारी यह जांच रहे हैं कि हादसे के समय बिल्डिंग के अंदर कोई फंसा तो नहीं था और कितना जानी-माली नुकसान हुआ है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here