Edited By Vatika,Updated: 29 May, 2026 09:26 AM

महानगर को नशा मुक्त करने के लिए पंजाब पुलिस ने अब अपराधियों और नशेड़ियों के खिलाफ अपनी मुहिम
लुधियाना (राज): महानगर को नशा मुक्त करने के लिए पंजाब पुलिस ने अब अपराधियों और नशेड़ियों के खिलाफ अपनी मुहिम को और तेज कर दिया है। इसी कड़ी में वीरवार को पुलिस प्रशासन ने एक बड़ी और साहसिक कार्रवाई को अंजाम देते हुए नशेड़ियों के महफूज ठिकाने बन चुके खंडहरनुमा कमरों को जेसीबी मशीनों की मदद से पूरी तरह ढहा दिया। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान एसीपी राज कुमार और थाना डिवीजन नंबर-सात के एसएचओ गगनदीप मल्होत्रा भारी पुलिस बल के साथ खुद मौके पर डटे रहे। पुलिस का यह पीला पंजा थाना डिवीजन नंबर-सात के अंतर्गत आने वाले मोहल्ला जगदीश नगर और बुड्ढा दरिया के किनारे सरेआम गरजा है।
लंबे समय से चल रहा था काली करतूतों का खेल, स्थानीय लोग थे खौफ के साए में
जानकारी के मुताबिक, इन लावारिस और खंडहरनुमा कमरों का इस्तेमाल लंबे समय से असामाजिक तत्व नशा करने और अन्य कई तरह की गैरकानूनी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए कर रहे थे। नशेड़ियों के इस जमावड़े के कारण आसपास के रहने वाले लोगों का जीना मुहाल हो चुका था और इलाके में हर समय डर व असुरक्षा का माहौल बना रहता था। स्थानीय निवासियों की ओर से लगातार पुलिस को इस बात की लिखित और मौखिक शिकायतें दी जा रही थीं कि यह स्थान अब पूरी तरह अपराध का अड्डा बन चुका है। लोगों की इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खाकी ने वीरवार की सुबह ही पूरी तैयारी के साथ इलाके की घेराबंदी कर दी और जेसीबी लाकर पूरे अवैध ढांचे को पल भर में ध्वस्त कर दिया। इस दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति या विरोध से निपटने के लिए मौके पर भारी तादाद में पुलिस जवान तैनात रहे।
बुड्ढा दरिया किनारे बनेगी अस्थायी पुलिस चौकी, विधायक से होगी बात: एसीपी
मौके पर मौजूद एसीपी राज कुमार ने पंजाब केसरी से बातचीत करते हुए साफ किया कि नशे के खिलाफ चल रहे इस अभियान को अब और ज्यादा मजबूत किया जाएगा। उन्होंने एक बड़े प्लान का खुलासा करते हुए बताया कि बुड्ढा दरिया के किनारे अब हमेशा के लिए अपराधियों पर नजर रखने के लिए एक अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। इस सुरक्षा चौकी के निर्माण को लेकर जल्द ही स्थानीय विधायक से भी विशेष बातचीत की जाएगी ताकि फंड और जगह की प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जा सके।
भविष्य में भी जारी रहेगा पुलिस का एक्शन, अपराधियों को सख्त चेतावनी
एसीपी राज कुमार और एसएचओ गगनदीप मल्होत्रा ने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि पुलिस का एकमात्र उद्देश्य इलाके से नशा, नशा तस्करों और अपराध को जड़ से पूरी तरह खत्म करना है। उन्होंने साफ किया कि यह तो महज एक शुरुआत है, आने वाले दिनों में भी जहां कहीं भी ऐसे अवैध ठिकाने या नशेड़ियों के अड्डे पाए जाएंगे, वहां इसी तरह की बुलडोजर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के बाद अब स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और पुलिस प्रशासन के इस कदम की चौतरफा सराहना हो रही है।