Edited By Kalash,Updated: 20 May, 2026 11:17 AM

शहर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब आम घरों की बात तो दूर, भारी सुरक्षा वाली सरकारी संपत्तियां भी महफूज नहीं रही हैं।
लुधियाना (राज): शहर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब आम घरों की बात तो दूर, भारी सुरक्षा वाली सरकारी संपत्तियां भी महफूज नहीं रही हैं। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला थाना लाडोवाल के अंतर्गत आते गांव नूरपुर बेट से सामने आया है, जहां नगर निगम के कारकस प्लांट को निशाना बनाकर चोरों ने एक बहुत बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। शातिर चोरों ने प्लांट के भीतर घुसकर मशीनरी के कीमती पुर्जे, महंगे इलेक्ट्रिक पैनल और भारी मोटरें समेटते हुए करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस महाचोरी के बाद से सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, चोरी की यह बड़ी वारदात बीते 14 और 15 मई की दरमियानी रात को घटित हुई। अज्ञात चोरों ने रात के घने अंधेरे और मुस्तैदी की कमी का पूरा फायदा उठाया। चोर पूरी योजना और तैयारी के साथ गांव नूरपुर बेट स्थित कारकस प्लांट में दाखिल हुए। उन्होंने वहां लगी भारी मशीनरी को खोलकर उसके पुर्जे, बेहद कीमती व महंगे इलेक्ट्रिक पैनल, मोटरें और अन्य उपकरण चोरी कर लिए। कबाड़ और मशीनरी के रूप में ले जाए गए इस पूरे सामान की अनुमानित कीमत 1.5 करोड़ से लेकर 2 करोड़ रुपये के बीच आंकी जा रही है, जिससे निगम को बड़ा वित्तीय फटका लगा है।
इस इतनी बड़ी वारदात का खुलासा होने के बाद नगर निगम लुधियाना (B&R-D) के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर (SE) शाम लाल गुप्ता ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी और मामले की लिखित शिकायत दर्ज करवाई। सरकारी प्लांट में इतनी बड़ी चोरी की बात सामने आते ही पुलिस प्रशासन भी तुरंत हरकत में आ गया। शिकायत की प्राथमिक जांच पूरी करने के बाद थाना लाडोवाल पुलिस ने नगर निगम अधिकारी शाम लाल गुप्ता के बयानों पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here