लुधियाना में धीरेंद्र शास्त्री की कथा में चोर गैंग का आतंक, 4 आरोपी महिलाएं गिरफ्तार

Edited By Urmila,Updated: 27 Sep, 2026 11:55 AM

dhirendra shastri katha in ludhiana

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस शातिर गिरोह की चार महिला सदस्यों को रंगे हाथों गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

लुधियाना (राज): महानगर के वर्धमान चौक स्थित ग्लाडा (GLADA) मैदान में चल रही बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्री हनुमंत कथा के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था और भारी भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करने वाले एक अंतर-राज्यीय महिला गिरोह का कमिश्नरेट पुलिस ने पर्दाफाश किया है। 

थाना मोती नगर की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस शातिर गिरोह की चार महिला सदस्यों को रंगे हाथों गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। यह गिरोह कथा पंडाल में शामिल होने वाली महिला श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन झपटने, बैग से पर्स और मोबाइल फोन चुराने में सक्रिय था। पुलिस ने चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 26 सितंबर को थाना मोती नगर के एएसआई (ASI) अजय सिंह अपनी पुलिस पार्टी के साथ इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था के मद्देनजर गश्त पर थे। इसी दौरान एक मुखबिर ने पुलिस को पुख्ता सूचना दी कि GLADA ग्राउंड के सामने, वर्धमान फैक्ट्री (चंडीगढ़ रोड) में चल रहे विशाल धार्मिक समागम में महिलाओं का एक संगठित अंतर-राज्यीय गिरोह दाखिल हो चुका है, जो श्रद्धालुओं के कीमती गहनों और सामान पर हाथ साफ कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और राम दरबार मंदिर के सामने बने पार्क में संदिग्ध हालत में बैठी चार महिलाओं को हिरासत में ले लिया।

पुलिस द्वारा पकड़ी गई महिलाओं की पहचान इस प्रकार हुई है: सीमा पत्नी गोबिंद (निवासी: फूलमंडी, थाना कोतवाली, नई दिल्ली), रैनू पत्नी लखन (निवासी: फूलमंडी, थाना कोतवाली, नई दिल्ली), किरण देवी पत्नी मनोज रविदास (निवासी: गांव यमनापुर, जिला उन्नाव, उत्तर प्रदेश), कविता पुत्री मुरारी (निवासी: कसाई मोहल्ला, कानपुर, उत्तर प्रदेश)।

पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ है कि ये आरोपी महिलाएं बड़े धार्मिक आयोजनों, कथाओं और मेलों में खास तौर पर पहुंचती थीं। पंडाल में जब आरती, भजन या कथा के दौरान श्रद्धालुओं का ध्यान बंटा होता था, तो ये महिलाएं धक्का-मुक्की का नाटक कर महिला श्रद्धालुओं को घेर लेती थीं। इसके बाद पलक झपकते ही कटर या ब्लेड से पर्स काट लेना, गले से सोने की चेन खींचना और बैग से महंगे स्मार्टफोन चुरा लेना इनका मुख्य काम था। वारदात को अंजाम देकर ये तुरंत चोरी का सामान एक-दूसरे को पास कर देती थीं ताकि किसी को शक न हो।

वही, थाना मोती नगर की पुलिस ने पकड़ी गई चारों महिला आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारियों ने बताया कि समागम स्थल और आसपास के एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स पर लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की रिकॉर्डिंग को बारीकी से खंगाला जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन्होंने अब तक कथा पंडाल से कितने श्रद्धालुओं का सामान उड़ाया है। इसके साथ ही दिल्ली और उत्तर प्रदेश की पुलिस से संपर्क साधकर आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड जुटाया जा रहा है और पूछताछ में उनके गिरोह के अन्य पुरुष व महिला सहयोगियों का पता लगाया जा रहा है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!