लुधियाना में फर्जी नशा मुक्ति केंद्र पर छापा, नर्क जैसी जिंदगी जी रहे मरीज कराए आजाद

Edited By Vatika,Updated: 11 Apr, 2026 03:40 PM

drugs addiction centre ludhiana

नशा मुक्ति के नाम पर दुकानदारी सजाकर बैठे फर्जी केंद्रों के खिलाफ लुधियाना पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया

लुधियाना (राज): नशा मुक्ति के नाम पर दुकानदारी सजाकर बैठे फर्जी केंद्रों के खिलाफ लुधियाना पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। गांव सरीन में चल रहे एक अवैध नशा छुड़ाऊ केंद्र पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने अचानक छापेमारी कर वहां चल रहे काले खेल का पर्दाफाश किया। इस कार्रवाई के दौरान केंद्र में बंद कई पीड़ितों को पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए सरकारी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने केंद्र के प्रबंधकों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।

PunjabKesari

नर्क जैसी जिंदगी जी रहे थे मरीज 
यह बड़ी कार्रवाई ACP साउथ और लुधियाना क्राइम ब्रांच की निगरानी में थाना डेहलों की पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम द्वारा अंजाम दी गई। छापेमारी के दौरान टीम में एसएमओ, मेडिकल ऑफिसर और ड्रग इंस्पेक्टर भी मौजूद थे, जिन्होंने तकनीकी और चिकित्सीय पहलुओं की जांच की। जांच में यह चौंकाने वाला सच सामने आया कि यह केंद्र स्वास्थ्य विभाग से किसी भी प्रकार का वैध लाइसेंस या मंजूरी लिए बिना ही धड़ल्ले से चलाया जा रहा था। केंद्र के भीतर न तो कोई मेडिकल बुनियादी ढांचा था और न ही मरीजों की देखभाल के लिए कोई डॉक्टर मौजूद था। पुलिस के मुताबिक, नशा छोड़ने की उम्मीद लेकर आए युवाओं को वहां बेहद दयनीय स्थितियों में रखा गया था। 

दोषियों के खिलाफ किया जाएगा केस दर्ज
संयुक्त टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वहां मौजूद व्यक्तियों को मुक्त करवाया और उन्हें चिकित्सकीय जांच के लिए जगराओं और लुधियाना के सिविल अस्पतालों में शिफ्ट किया। लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने सख्त लहजे में कहा कि लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर उनका शोषण करने वाले ऐसे केंद्रों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने बताया कि ड्रग इंस्पेक्टर की विस्तृत रिपोर्ट मिलते ही दोषियों के खिलाफ सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि अगर उनके आसपास कोई ऐसा अवैध केंद्र चल रहा है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि इलाज की आड़ में चल रहे इस अवैध धंधे को पूरी तरह बंद किया जा सके और मरीजों को सही इलाज मिल सके।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!