Edited By Vatika,Updated: 24 Dec, 2022 02:08 PM

जबकि अभी तक किसी भी आरोपी को काबू नहीं किया गया है।
लुधियाना (राज) : शक्ति नगर इलाके में ससुरालियों से परेशान होकर विवाहिता द्वारा आत्महत्या करने के मामले में एक वीडियो सामने आई है। मृतका रूपिंदर कौर ने मरने से पहले मोबाइल पर वीडियो बनाई थी। जिसमें उसने अपने ऊपर हो रहे जुर्म की दास्ता रो-रो कर सुनाई थी। यह वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही थी।
हालांकि, थाना टिब्बा की पुलिस पहले ही रुपिंदर कौर के पति, देवरानी और ससुराल वालों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर चुकी है। जबकि अभी तक किसी भी आरोपी को काबू नहीं किया गया है। दरअसल, वीडियो में मरने से पहले रुपिंदर कौर ने कहा कि इन पापियों के जुल्म इतने बढ़ गए है कि अब सहन नहीं हो रहा। उसका आरोप था कि उसका पति, देवरानी के साथ रह रहा है। जोकि वह सहन नहीं कर सकती। उसके विरोध करने पर उसके साथ बुरी तरह मारपीट की जाती है। महिला ने वीडियो में कहा कि वह अपने बच्चों के कारण यह सब दुख सहन कर रही थी लेकिन अब और सहा नहीं जा रहा। उसने मरने से पहले अपने बच्चों से भी माफी मांगी है।
महिला ने यह भी गुहार लगाई थी कि उसके मारने के बाद आरोपियों को सख्त सजा दिलवाई जाए। आरोपियों को फांसी और उम्र कैद दिलवाए ताकि उसे इंसाफ मिल सके।वहीं, महिला के भाई गुरदीप सिंह ने बताया कि पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इस मामले में सात लोग नामजद है। जिसमें सास, ससुर, देवरानी, देवर और दो अन्य लोग। पुलिस अधिकारियों के बार-बार दबाव डालने के बाद उन्होंने बहन का संस्कार कर दिया लेकिन अभी तक पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही।उधर, थाना टिब्बा के प्रभारी इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह ने कहा कि उन्हें वीडियो के बारे में कुछ पता नहीं है। ससुराल वालों पर तो पहले ही मामला दर्ज है। आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।