Edited By Kalash,Updated: 27 Aug, 2026 02:06 PM

महानगर में उधार दिए पैसे वापस मांगने पर एक युवक को धोखे से घर बुलाकर बंधक बनाने, रस्सी से बांधकर बेरहमी से पीटने और पिस्तौल के बट से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
लुधियाना (राज): महानगर में उधार दिए पैसे वापस मांगने पर एक युवक को धोखे से घर बुलाकर बंधक बनाने, रस्सी से बांधकर बेरहमी से पीटने और पिस्तौल के बट से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने न केवल युवक के साथ मारपीट की, बल्कि पिस्तौल तानकर उसे गोली मारने की धमकियां भी दीं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयानों में सुमीत जिंदल ने बताया कि आरोपी मनी चौहान ने उससे कुछ पैसे उधार लिए हुए थे। मनी चौहान ने उस को फोन किया और कहा कि वह अपने पैसे लेने उसके घर आ जाए। जब पैसे लेने के लिए उसके घर पहुंचा, तो आरोपी की नीयत बदल गई। आरोपी मनी चौहान ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को पकड़ लिया और कमरे के भीतर रस्सियों से बांधकर बंधक बना लिया। बंधक बनाने के बाद आरोपियों ने पीड़ित पर लात-घूंसों से हमला कर दिया और बेरहमी से उसकी पिटाई की। मारपीट के दौरान मौके पर मौजूद पुनीत सिंगला नामक आरोपी ने अपनी पिस्तौल निकाली और उसके बट से सीधे पीड़ित के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। आरोपियों ने पीड़ित पर पिस्तौल तान दी और दोबारा पैसे मांगने पर सीधे गोली मारकर जान से खत्म करने की गंभीर धमकियां दीं। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद पीड़ित ने अस्पताल में अपना उपचार करवाया और घटना की लिखित शिकायत पुलिस को दी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित के बयानों के आधार पर नामजद आरोपियों मनी चौहान, पुनीत सिंगला और उनके साथियों के खिलाफ बंधक बनाने, अवैध हथियार से हमला करने और जान से मारने की धमकियां देने की धाराओं के तहत कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here