Edited By Vatika,Updated: 23 Oct, 2026 11:09 AM

मेन गेट बंद होने पर दीवार फांदकर अंदर घुसा था भाई
लुधियाना(राज): लादियां कलां स्थित सरस्वती एन्क्लेव में बंद पड़े एक मकान के भीतर 55 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक का शव कमरे में बेड पर पड़ा मिला, जिसके चेहरे पर चोट के गहरे निशान थे और शव से तेज दुर्गंध उठ रही थी। मेन गेट अंदर से बंद होने के कारण जब मृतक का भाई दीवार फांदकर भीतर गया, तब इस खौफनाक वारदात का खुलासा हुआ।
लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था युवक
मृतक पिछले करीब सात वर्षों से एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था, लेकिन पिछले एक साल से दोनों के बीच अनबन के चलते अलगाव चल रहा था। परिजनों ने लिव-इन पार्टनर और उसके करीबियों पर हत्या का गंभीर अंदेशा जताया है। सूचना मिलते ही थाना हैबोवाल की पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान गांव लादियां कलां स्थित सरस्वती एन्क्लेव निवासी 55 वर्षीय राजिंदर उर्फ रमेश कुमार के रूप में हुई है। मृतक के भाई जियूणा ने बताया कि 22 अक्टूबर को वह अपने भाई राजिंदर का हालचाल जानने के लिए उसके घर पहुंचा था। घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद नहीं था, लेकिन अंदर से कुंडी लगी हुई थी। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाजें लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। किसी अनहोनी की आशंका के चलते जियूणा दीवार फांदकर मकान के आंगन में उतरा।
चेहरे पर थे चोटों के निशान
जब उसने कमरे के अंदर झांककर देखा तो उसके होश उड़ गए। राजिंदर बेड पर मृत पड़ा हुआ था और उसके चेहरे पर चोटों के निशान थे। शव की सड़ी-गली हालत और आ रही बदबू से स्पष्ट था कि उसकी मौत दो-तीन दिन पहले हो चुकी थी। भाई जियूणा ने बताया कि राजिंदर पहले फिरोजपुर शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में दूध सप्लाई करने का काम करता था। उसी दौरान (करीब 2018-2019 में) उसकी जान-पहचान गुरमीत कौर नामक महिला से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों में नजदीकियां बढ़ गईं और वर्ष 2021 में गुरमीत लुधियाना आकर राजिंदर के साथ सरस्वती एन्क्लेव वाले मकान में लिव-इन पार्टनर के तौर पर रहने लगी। हालांकि, पिछले करीब एक साल से दोनों के बीच लगातार झगड़े और तकरार होने लगी थी, जिसके चलते गुरमीत उससे अलग रहने लगी थी।
जियूणा ने पुलिस के समक्ष दावा किया कि राजिंदर ने गुरमीत कौर के बेटे की विदेश में हुई शादी पर करीब 20 से 25 लाख रुपये पानी की तरह बहाए थे। भाई का आरोप है कि शादी संपन्न होने के बाद गुरमीत के बेटे ने अपनी मां पर दबाव बनाया कि वह राजिंदर के साथ न रहे। जियूणा ने कहा कि राजिंदर के मजहबी सिख समुदाय से होने के कारण महिला का बेटा इस रिश्ते के सख्त खिलाफ था, जिससे उनके संबंधों में कड़वाहट आ गई थी। इसके अलावा, जियूणा ने बताया कि राजिंदर का बहादुरके रोड पर करीब 50 से 60 लाख रुपये मूल्य का एक कीमती प्लॉट था, जिसकी पूरी जानकारी गुरमीत को थी। परिजनों का आरोप है कि जब भी राजिंदर अपने परिवार से बात करता था, तो महिला झगड़ा करती थी और उसे धमकियां भी देती थी। भाई ने आशंका जताई कि संपत्ति या रंजिश के चलते राजिंदर की सुनियोजित तरीके से हत्या करवाई गई है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, CCTV खंगालने में जुटी पुलिस: SHO
घटना की सूचना मिलते ही थाना हैबोवाल के एसएचओ जसवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फॉरेंसिक मोबाइल वैन को बुलाकर घटनास्थल से उंगलियों के निशान और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। एसएचओ जसवीर सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की पूरी आशंका है। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एसएचओ ने स्पष्ट किया कि परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों और प्लॉट विवाद के तमाम पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि पिछले दो-तीन दिनों के दौरान मकान में कौन-कौन आया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही समय और कारणों का खुलासा होगा, जिसके आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।