दिल्ली से हलवारा जा रही Air India की फ्लाइट दो बार संकट में फंसी, टला बड़ा हादसा

Edited By Vatika,Updated: 04 Jul, 2026 04:00 PM

air india flight coming from delhi to halwara got stuck in air

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से शनिवार सुबह 5:55 ...

हलवारा: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से शनिवार सुबह 5:55 बजे हलवारा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की फ्लाइट AI-481 एक ही सफर के दौरान दो बड़ी चुनौतियों से गुजरी। पहले उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद विमान में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके चलते पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को वापस दिल्ली उतार दिया। इसके बाद यात्रियों को दूसरे विमान से हलवारा भेजा गया, लेकिन वहां पहुंचने पर खराब मौसम के कारण पहली बार लैंडिंग नहीं हो सकी। आखिरकार दूसरी कोशिश में विमान को सुरक्षित उतार लिया गया, जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।

विमान में तकनीकी खराबी के मिले संकेत
जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया की फ्लाइट AI-481 निर्धारित समय के अनुसार सुबह 5:55 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी। उड़ान भरने के करीब 15 मिनट बाद विमान में तकनीकी खराबी का संकेत मिला। किसी भी तरह का जोखिम न लेते हुए पायलट ने विमान को वापस दिल्ली ले जाने का फैसला किया। सुबह करीब 7 बजे विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। इसके बाद एयर इंडिया की तकनीकी टीम ने विमान की जांच की और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें दूसरे विमान में स्थानांतरित किया गया। इसके बाद सुबह करीब 9 बजे वही फ्लाइट नंबर AI-481 के तहत विमान दोबारा हलवारा के लिए रवाना हुआ। हालांकि यात्रियों की परेशानी यहीं खत्म नहीं हुई। जब विमान हलवारा एयरपोर्ट के पास पहुंचा तो तेज बारिश, आंधी और खराब मौसम के कारण पहली बार लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। पायलट ने जल्दबाजी करने की बजाय विमान को कुछ देर हवा में नियंत्रित रखा और हलवारा के आसमान में दो चक्कर लगाकर मौसम की स्थिति का आकलन किया।

लैंडिंग में आई रुकावट से यात्रियों की धड़कनें तेज
इसके बाद दूसरी बार लैंडिंग का प्रयास किया गया, जो सफल रहा और विमान सुरक्षित रूप से हलवारा एयरपोर्ट पर उतर गया। पूरे सफर के दौरान यात्रियों में चिंता और घबराहट का माहौल बना रहा। पहले तकनीकी खराबी और फिर खराब मौसम के कारण लैंडिंग में आई रुकावट से यात्रियों की धड़कनें तेज हो गईं। हालांकि विमान में यात्रियों की संख्या कम होने के कारण किसी तरह की अफरातफरी नहीं मची। फ्लाइट में सफर कर रहे यात्री डॉ. संजीव कुमार बख्शी ने बताया कि पहले विमान में तकनीकी खराबी आने के कारण उसे वापस दिल्ली लाया गया। बाद में दूसरे विमान से हलवारा भेजा गया, लेकिन खराब मौसम के चलते पहली बार विमान उतर नहीं सका। उन्होंने कहा कि दोनों घटनाओं के कारण सभी यात्री काफी घबरा गए थे, लेकिन दूसरी कोशिश में सुरक्षित लैंडिंग होने पर सभी ने राहत महसूस की। गौरतलब है कि पिछले एक वर्ष के दौरान एयर इंडिया की कई उड़ानों में तकनीकी खराबी और परिचालन संबंधी समस्याओं के मामले सामने आए हैं। हाल के महीनों में विमानन सुरक्षा को लेकर बढ़ी सतर्कता के बीच नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) भी एयरलाइनों के सुरक्षा मानकों और तकनीकी जांच पर लगातार नजर बनाए हुए है। विमानन विशेषज्ञों के अनुसार, उड़ान के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी सामने आने पर विमान को वापस लौटाना या निकटतम सुरक्षित हवाई अड्डे पर उतारना अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक प्रक्रिया है। इस मामले में भी पायलट ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!