Edited By Urmila,Updated: 30 Mar, 2026 04:00 PM

किसानों ने जहाज चौक से मार्च करते हुए (लैंड मॉर्टगेज) प्राइमरी एग्रीकल्चर डेवलपमेंट बैंक गुरदासपुर के सामने धरना दिया।
गुरदासपुर (हरमन) : फसलों के पूरे दाम न मिलने और सभी फसलों की खरीद न होने के कारण किसानों पर बढ़ते कर्ज को माफ करवाने, कर्जदार किसानों की जमीनों की नीलामी रोकने तथा गांव हरी नौ के दो किसान भाइयों की आत्महत्या के मामले में इंसाफ की मांग को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) से जुड़ी किसान जत्थेबंदियों द्वारा रोष प्रदर्शन किया गया।
किसानों ने जहाज चौक से मार्च करते हुए (लैंड मॉर्टगेज) प्राइमरी एग्रीकल्चर डेवलपमेंट बैंक गुरदासपुर के सामने धरना दिया। इसके बाद पंचायत भवन चौक में मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला फूंककर सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया गया।
इस मौके किसान के जवान भलाई यूनियन के प्रधान सुखदेव सिंह भोजराज, पगड़ी संभाल लहर के प्रधान सतनाम सिंह बागड़ियां, भारतीय किसान यूनियन सिद्धूपुर से गुलाब सिंह चंदू माजा और मेजर सिंह, भारतीय किसान यूनियन माजा के प्रधान बाबा कवलजीत सिंह पंडोरी, रजिंदर सिंह जफरवाल तथा भारतीय किसान यूनियन सिरसा से हरदेव सिंह चिट्टी ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब सरकार को किसानों की जमीनों की नीलामी नहीं करने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसान चाहे 2 एकड़ जमीन वाला हो या 20 एकड़ वाला, किसान सिर्फ किसान होता है और उसके साथ एक जैसा व्यवहार होना चाहिए।
किसान नेताओं ने मांग की कि फरीदकोट जिले के गांव हरी नौ के दो सगे भाई जसकरण सिंह और जसविंदर सिंह, जिन्होंने कर्ज से परेशान होकर आत्महत्या की है, उनके परिवारों को इंसाफ दिया जाए। उनकी पत्नियों को सरकारी नौकरी दी जाए, पूरा कर्ज माफ किया जाए, बच्चों की मुफ्त पढ़ाई का प्रबंध किया जाए और बेटियों की शादी के लिए आर्थिक सहायता दी जाए। इसके साथ ही फरीदकोट के संबंधित बैंक मैनेजर के खिलाफ बनती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाए और पूरे राज्य में किसानों की जमीनों की नीलामी संबंधी जारी नोटिस रद्द किए जाएं। किसानों और मजदूरों का पूरा कर्ज माफ करने की भी मांग की गई। किसान जत्थेबंदियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here