Edited By Urmila,Updated: 30 Mar, 2026 05:24 PM

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले चार वर्षों में इस सरकार ने झूठे वादों, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलताओं का एक खतरनाक मॉडल खड़ा किया है।
चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले चार वर्षों में इस सरकार ने झूठे वादों, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलताओं का एक खतरनाक मॉडल खड़ा किया है। चुघ ने कहा कि पंजाब में पिछले 6 महीनों से लोकपाल की नियुक्ति न होना इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि AAP सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को पूरी तरह ठप करना चाहती है।
चुघ ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में दाखिल हलफनामे का हवाला देते हुए कहा कि भगवंत मान सरकार ने खुद स्वीकार किया है कि कर्मचारियों को महंगाई भत्ता देना सरकार की बाध्यता नहीं बल्कि एक “नीतिगत फैसला” है। चुघ ने कहा कि यह बयान न केवल कर्मचारियों के साथ विश्वासघात है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि आम आदमी पार्टी के निक्कमे शासन में पंजाब की आर्थिक स्थिति पूरी तरह से बदहाल हो चुकी है।
उन्होंने आगे कहा कि पंजाब आज संवैधानिक व्यवस्था से नहीं, बल्कि केजरीवाल के रिमोट कंट्रोल के जरिए चलाया जा रहा है। सरकारी परियोजनाओं के शिलान्यास पत्थरों पर एक राजनीतिक दल के संयोजक का नाम लिखना और वो भी चुने हुए मुख्यमंत्री के ऊपर लिखना न सिर्फ गैर संवैधानिक है बल्कि 3 करोड़ पंजाबियों का अपमान है। चुघ ने सवाल उठाया कि क्या पंजाब के चुने हुए मुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधियों की कोई भूमिका नहीं रह गई है।
नशे के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए चुघ ने कहा कि “4 हफ्तों में नशा खत्म” करने का वादा आज मजाक बन चुका है। लाखों युवा आज भी नशे की गिरफ्त में हैं, लेकिन सरकार विज्ञापनों पर करोड़ों रुपये खर्च कर झूठा प्रचार कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
बरनाला की घटना का उल्लेख करते हुए चुघ ने कहा कि जब एक फौजी अधिकारी के परिवार को भी थाने में अत्याचार सहना पड़े और महीनों तक न्याय न मिले, तो यह कानून व्यवस्था की भयावह स्थिति को दर्शाता है। चुघ ने कहा कि पंजाब में अब “कट्टर ईमानदारी” का दावा पूरी तरह बेनकाब हो चुका है और जनता इस धोखे का जवाब जरूर देगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here