Edited By Vatika,Updated: 04 May, 2026 02:31 PM

पंजाब सरकार द्वारा ई-रजिस्ट्री सिस्टम को अत्याधुनिक सुविधा के रूप में पेश किया जा रहा है,
अमृतसर (नीरज): पंजाब सरकार द्वारा ई-रजिस्ट्री सिस्टम को अत्याधुनिक सुविधा के रूप में पेश किया जा रहा है, लेकिन सोमवार को इसकी हकीकत उस समय सामने आ गई जब अमृतसर के रजिस्ट्री दफ्तरों में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिजली गुल रही और सारा काम ठप हो गया। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
न तो बैटरी बैकअप काम कर रहा था और न ही जनरेटर
स्थिति को संभालने के लिए सब-रजिस्ट्रार-2 विकास गुप्ता और अभिषेक वर्मा ने लैपटॉप व अन्य सिस्टम को रजिस्ट्री दफ्तर से उठाकर ऊपर स्थित खजाना दफ्तर में अस्थायी तौर पर काम शुरू कराया। तकनीकी विशेषज्ञों को बुलाने पर पता चला कि न तो बैटरी बैकअप काम कर रहा था और न ही जनरेटर सही हालत में था। इसके बाद तुरंत जनरेटर की मरम्मत करवाई गई और बैकअप सिस्टम को दुरुस्त किया गया।
व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा जल्द
गौरतलब है कि पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया के कार्यकाल में लोगों की सुविधा के लिए रजिस्ट्री दफ्तरों को वातानुकूलित बनाया गया था, जिससे खासकर गर्मियों में लोगों को राहत मिलती थी। हालांकि मौजूदा हालात में ई-रजिस्ट्री को लेकर किए जा रहे बड़े दावे जमीनी स्तर पर कमजोर नजर आ रहे हैं। इस संबंध में जिला माल अधिकारी नवकीरत सिंह रंधावा ने कहा कि व्यवस्था को जल्द दुरुस्त किया जाएगा, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।