पंजाब के मौसम का बदलाव, डॉक्टरों ने जारी की Health Advisory

Edited By Vatika,Updated: 30 Mar, 2026 01:08 PM

health advisory

जिला गुरदासपुर में आज हुई लगभग 12 एम.एम. बारिश के बावजूद तापमान में कोई बड़ी

गुरदासपुर (हरमन): जिला गुरदासपुर में आज हुई लगभग 12 एम.एम. बारिश के बावजूद तापमान में कोई बड़ी कमी दर्ज नहीं की गई और गर्मी का असर जारी रहा। दिन के दौरान तापमान 31 डिग्री सैंटीग्रेड के पार दर्ज किया गया, जिसके कारण लोगों को उम्मीद के मुताबिक ठंडक नहीं मिल सकी।

मौसम में आ रहे अचानक बदलाव और इस सीजन के दौरान कम बारिश होने के कारण आम जन-जीवन और खास तौर पर मानवीय स्वास्थ्य पर इसका प्रभाव स्पष्ट दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग द्वारा आने वाले दिनों में इक्का-दुक्का स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, लेकिन तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना कम दिखाई दे रही है। लगातार बढ़ती गर्मी, दिन और रात के तापमान में अंतर और हवा में नमी के बदलाव के कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टरों के अनुसार इस तरह के बदलते मौसम में सबसे अधिक गले का इन्फैक्शन, जुकाम, खांसी, वायरल बुखार और एलर्जी के मामले बढ़ रहे हैं। विशेष रूप से बच्चे, बुजुर्ग और पहले से बीमार लोग इस मौसमी बदलाव से जल्दी प्रभावित हो रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी में अचानक हुई हल्की बारिश के कारण हवा में नमी बढ़ जाती है, जिससे वायरस और बैक्टीरिया के फैलने की संभावना बढ़ जाती है।

डॉक्टरों द्वारा लोगों को सलाह दी गई है कि वे सुबह और शाम के समय हल्की ठंडी हवा से बचें, बिना जरूरत एसी या कूलर की सीधी ठंडी हवा में लंबे समय तक न बैठें और ठंडा पानी या बर्फ वाली चीजों का कम उपयोग करें। इसके साथ ही बाहर से आकर तुरंत ठंडा पानी पीने से भी परहेज करने के लिए कहा गया है।मच्छरों और मक्खियों की संख्या में वृद्धि होने की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सफाई पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा गया है। घरों के आसपास पानी खड़ा न होने दिया जाए, पूरी बाजू के कपड़े पहने जाएं और जरूरत पड़ने पर मच्छर भगाने वाले उपकरणों का उपयोग किया जाए। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक लोग अपनी दैनिक खुराक में ताजे फल, सब्जियां और पानी की मात्रा बढ़ाएं, ताकि शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता मजबूत रहे। यदि किसी को लंबे समय तक खांसी, बुखार, गले में दर्द या थकान महसूस हो तो तुरंत डॉक्टरी सलाह लेनी चाहिए और खुद दवा लेने से बचना चाहिए। कुल मिलाकर मौसम में आ रहे अनपेक्षित बदलावों ने लोगों के स्वास्थ्य के लिए चिंता बढ़ा दी है और यदि आने वाले दिनों में भी बारिश कम रही तो गर्मी का असर और बढ़ सकता है। डॉक्टर लोगों को सावधान रहने और स्वास्थ्य संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील कर रहे हैं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!