Edited By Subhash Kapoor,Updated: 16 Mar, 2026 07:50 PM

भारतीय जनता पार्टी पंजाब द्वारा आयोजित बदलाव रैली, जिसे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संबोधित किया, में कुल 1,58,131 लोगों की विशाल भागीदारी दर्ज की गई, इसके लिए इतना ही कहूंगा 'धन्यवाद पंजाब' यह कहना है भाजपा पंजाब के प्रदेश महामंत्री अनिल...
मोगा : भारतीय जनता पार्टी पंजाब द्वारा आयोजित बदलाव रैली, जिसे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संबोधित किया, में कुल 1,58,131 लोगों की विशाल भागीदारी दर्ज की गई, इसके लिए इतना ही कहूंगा 'धन्यवाद पंजाब' यह कहना है भाजपा पंजाब के प्रदेश महामंत्री अनिल सरीन का जोकि मोगा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
पंजाब भाजपा ने इस रैली के लिए राज्य के 23 जिलों के अंतर्गत आने वाले लगभग 13,000 गांवों, करीब 160 शहरों-कस्बों तथा लगभग 24,500 पोलिंग बूथों तक व्यापक स्तर पर मोबिलाइजेशन किया। भाजपा संभवतः देश की एकमात्र राजनीतिक पार्टी है जो इतनी बड़ी रैली में शामिल लोगों की सटीक संख्या सार्वजनिक करने का साहस रखती है। पार्टी के पास इन आंकड़ों के डिजिटल प्रमाण भी उपलब्ध हैं। डिजिटल रिपोर्टिंग के अनुसार रैली में कुल 1,58,131 लोगों की भागीदारी दर्ज की गई।
परिवहन व्यवस्था
रैली में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग संगठित परिवहन के माध्यम से पहुंचे। इनमें शामिल 3,793 बसें, 2,376 कारें (इनमें इनोवा सहित अन्य वाहन शामिल) थीं। इन बसों में शामिल 1,484 बड़ी बसें और 2,309 मिनी बसें शामिल हैं।
हालांकि भारी भीड़ और ट्रैफिक के कारण लगभग 800 बसें रास्ते में ही फंस गईं। रैली स्थल की ओर जाने वाले मार्गों पर लगभग 15 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। स्थिति इतनी अधिक भीड़भाड़ वाली थी कि कई लोगों को रैली स्थल तक पहुंचने के लिए 4–5 किलोमीटर पैदल चलना पड़ा।
तकनीक के माध्यम से की गई संगठित तैयारी
रैली के लिए व्यापक स्तर पर डिजिटल और संगठित तरीके से मोबिलाइजेशन किया गया। गांव-वार बैठकों को क्यूआर कोड के माध्यम से मैप किया गया। भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने प्राथमिक सदस्यों को तीन बार वॉइस कॉल के माध्यम से आमंत्रित किया। बस इंचार्जों और को-इंचार्जों के साथ कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने दो बार ब्रिज कॉल कीं। बस इंचार्जों और को-इंचार्जों के साथ प्रदेश महामंत्री (संगठन) मंत्री श्रीनिवासुलू की ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। 14 मार्च को बस इंचार्जों और को-इंचार्जों के साथ ‘वेक-अप कॉल’ भी की गई।
भोजन / लंगर व्यवस्था
रैली में लगभग एक लाख लोगों के लिए भोजन/लंगर की व्यवस्था की गई थी, लेकिन अपेक्षा से कहीं अधिक भीड़ आने के कारण लंगर जल्दी समाप्त हो गया। भाजपा पंजाब के प्रदेश महामंत्री अनिल सरीन ने कहा कि ‘बदलाव रैली’ में उमड़ा जनसैलाब पंजाब में भाजपा के बढ़ते जनसमर्थन और राज्य में बदलाव की जनता की प्रबल इच्छा को दर्शाता है।
