Edited By Subhash Kapoor,Updated: 04 May, 2026 12:37 AM

बीती देर रात अमृतसर के राजासांसी इलाके में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जहां गुरु अर्जन देव कॉलोनी के बाहर ओवरलोड गेहूं से भरे ट्रक ने एक युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक अश्वनी कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
अमृतसर: बीती देर रात अमृतसर के राजासांसी इलाके में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जहां गुरु अर्जन देव कॉलोनी के बाहर ओवरलोड गेहूं से भरे ट्रक ने एक युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक अश्वनी कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक अश्वनी कुमार राजासांसी के गुरु अर्जन देव कॉलोनी का निवासी था और रोजाना की तरह अपने काम से घर लौट रहा था। घटना के समय वह धीमी गति से सड़क पर जा रहा था कि अचानक एक ओवरलोड ट्रक ने बिना किसी संकेत के साइड मार दी, जिससे यह भयानक हादसा हो गया। एक वाहन में लगे कैमरे की वीडियो सामने आने के बाद पता चला कि ट्रक चालक की लापरवाही इस हादसे की वजह बनी।
हादसे के बाद परिवार ने थाना राजासांसी में शिकायत दर्ज करवाई है, लेकिन परिजनों का आरोप है कि पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई और न ही ट्रक या चालक का पता लगाया गया है। इस बात को लेकर परिवार और इलाके के लोगों में भारी गुस्सा है।
मसीह समुदाय के पंजाब प्रधान जॉन कोटली ने कहा कि यह हादसा केवल चालक की गलती नहीं, बल्कि इलाके में अवैध रूप से चल रही मंडी और ओवरलोडिंग भी इसकी बड़ी वजह है। उन्होंने बताया कि यह सड़क काफी संकरी है और यहां भारी वाहनों की आवाजाही के कारण हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है।
परिवार ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे संघर्ष तेज करेंगे और जरूरत पड़ने पर शव के साथ धरना भी देंगे। उन्होंने पंजाब सरकार से मांग की कि इलाके में चल रही अवैध मंडी को तुरंत हटाया जाए।