शिवराज चौहान का पंजाब सरकार पर हमला, बोले- BJP 6 महीने में ध्वस्त कर देगी नशे का नेटवर्क

Edited By Kamini,Updated: 21 Sep, 2026 04:27 PM

shivraj chouhan attacks punjab government

BJP की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के तहत केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को बठिंडा जिले के मैसरखाना गांव में ग्रामीणों से मुलाकात की।

बठिंडा (विजय वर्मा): पंजाब में नशे के मुद्दे को लेकर भाजपा ने आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को बठिंडा जिले के गांव माइसरखाना में ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के दौरान कहा कि भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल की नशा खत्म करने की डेडलाइन हमेशा ‘डेड’ ही साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले आम आदमी पार्टी ने तीन महीने में पंजाब से नशा खत्म करने का दावा किया था, लेकिन वह डेडलाइन एक बार नहीं, बल्कि दोबारा और तिबारा भी पूरी नहीं हुई।

गांव माइसरखाना में ग्रामीणों और नशे से प्रभावित परिवारों से बातचीत करते हुए चौहान ने कहा कि पंजाब में नशे से पैदा हुई पीड़ा की कहानियां आत्मा को रुला देने वाली हैं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पीड़ित परिवारों से संवाद किया तो उनका मन पीड़ा से भर गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन माताओं की गोद उजड़ गई और जिन बहनों की मांग सूनी हो गई, उनकी पीड़ा सरकार को दिखाई नहीं दे रही। शिवराज चौहान ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी तीखा हमला करते हुए कहा कि पंजाब का दुर्भाग्य है कि जिस प्रदेश का मुखिया ही नशा करके विधानसभा में पहुंचता है, वहां नशे के खिलाफ लड़ाई किस तरह लड़ी जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि नशे के कारोबार को लेकर सरकार के दावे और जमीनी स्थिति में बड़ा अंतर है।

शिवराज चौहान ने सवाल उठाया कि पंजाब में नशे के सौदागरों को संरक्षण कौन दे रहा है? उनके ऊपर सुरक्षा की छाया किसकी है और उन्हें पनाह कौन दे रहा है? चौहान ने कहा कि जब तक नशे के नेटवर्क को संरक्षण और राजनीतिक पनाह देने वाली व्यवस्था पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य पूरा नहीं किया जा सकता। चौहान ने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार ने नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन दूसरी तरफ पंजाब को नशे के दरिया में डुबोया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशे से प्रभावित परिवारों की व्यथा सुनने के बजाय सरकार उनकी आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि नशे के खिलाफ अपनी पीड़ा बताने आ रही महिलाओं को पुलिस थाने में बैठाया गया।

6 महीने में नेटवर्क ध्वस्त करने का दावा

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का संदेश लेकर पंजाब आए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आने के बाद छह महीने के भीतर पंजाब में नशे के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए निर्णायक कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशामुक्त बनाना भाजपा का संकल्प है और इसके लिए वह बार-बार पंजाब आएंगे। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि पंजाब को बचाने और नशामुक्त बनाने के अभियान को रोका नहीं जा सकता। उन्होंने कहा, “आप सरकार में दम हो तो रोककर देख ले।” चौहान ने कहा कि पंजाब की युवा शक्ति अब झुकने वाली नहीं है और भाजपा पंजाब को नशे से बचाने के लिए लगातार अभियान चलाएगी।

इस दौरान उन्होंने गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों की शहादत को याद करते हुए काव्य पंक्तियां भी सुनाईं और कहा कि पंजाब की धरती त्याग, साहस और धर्म की धरती है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जवानी को नशे की गिरफ्त में नहीं जाने दिया जा सकता। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने “नहीं हम रुक सकते, नहीं हम झुक सकते” जैसे नारों के साथ कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में जोश भरने का प्रयास किया। चौहान ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि पंजाब में बदलाव की नई सुबह आएगी। उन्होंने कहा, “नूर की एक किरण जुल्मात पर भारी होगी, रात तुम्हारी है लेकिन सुबह हमारी होगी।”

ग्रामीणों ने नशे की समस्या को लेकर बताई पीड़ा

माइसरखाना में ग्रामीणों ने केंद्रीय मंत्री के सामने अपनी समस्याएं रखते हुए आरोप लगाया कि गांवों और आसपास के क्षेत्रों में नशे की बिक्री बड़े स्तर पर हो रही है तथा नशा तस्करों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने नशे के कारण परिवारों पर पड़ रहे सामाजिक और आर्थिक प्रभावों के बारे में भी अपनी चिंता जाहिर की। इस मौके पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि आज पंजाब में नशा बड़े स्तर पर बिक रहा है, जबकि भाजपा नशे के खात्मे के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लोगों का भाजपा पर विश्वास ही पंजाब को नशामुक्त बनाने के संकल्प को और मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि पंजाब के भविष्य से जुड़ा सवाल है। चौहान ने कहा कि नशे से प्रभावित परिवारों की आवाज को गंभीरता से सुना जाना चाहिए और नशे के कारोबार के पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब को बचाना और नशामुक्त बनाना उनका संकल्प है तथा वह इस अभियान को आगे बढ़ाने के लिए लगातार पंजाब का दौरा करते रहेंगे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!