Edited By Vatika,Updated: 18 Aug, 2026 08:56 AM

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर शहर भर में सुरक्षा के कड़े दावों और भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच शातिर
लुधियाना, (राज) : स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर शहर भर में सुरक्षा के कड़े दावों और भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच शातिर चोरों ने पुलिस कमिश्नरेट को खुली चुनौती दे डाली है। पॉश व भीड़भाड़ वाले इलाके घुमार मंडी के मेन रोड पर स्थित क्लासिक गिफ्ट मोबाइल शॉप पर तडक़े धावा बोलते हुए 5 नकाबपोश चोरों ने सब्बल से गेट तोडक़र दुकान से करीब 30 से 35 लाख रुपये मूल्य के 100 से अधिक महंगे ब्रांडेड मोबाइल फोन और 15 हजार कैश चोरी कर लिए और आसानी से फरार हो गए। लेकिन, चोरों की यह सारी हरकतें दुकान के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस ने सभी फुटेज कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घुमार मंडी मेन रोड स्थित क्लासिक गिफ्ट मोबाइल शॉप के मालिक योगेश रोजाना की तरह रात को दुकान बंद करके घर गए थे। तडक़े करीब 4 से 5 बजे के बीच एक गिरोह के 5 नकाबपोश अज्ञात चोर दुकान के बाहर पहुंचे। चोरों ने लोहे के सब्बल की मदद से दुकान के शटर और मुख्य गेट के ताले तोड़े और अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद चोरों ने पूरी दुकान को खंगालना शुरू कर दिया। चोर बेहद शातिर थे और उन्हें प्रीमियम फोन की पूरी समझ थी। उन्होंने दुकान में डिस्प्ले और स्टॉक में रखे महंगे व ब्रांडेड कंपनियों के 100 से अधिक स्मार्टफोन बोरियों में भर लिए, जिनकी कुल कीमत 30 से 35 लाख रुपये आंकी जा रही है। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी दुकान में रखे सस्ते व कीपैड फोन और शोकेस में लगे डमी मोबाइल फोनों को हाथ लगाए बिना वहीं छोड़ गए। वारदात को चंद मिनटों में अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
नए एडीसीपी-3 के कार्यभार संभालते ही इलाके में बड़ी वारदात
उल्लेखनीय है कि पंजाब सरकार द्वारा पुलिस विभाग में किए गए फेरबदल के तहत लुधियाना कमिश्नरेट में 7 नए अधिकारियों की तैनाती की गई थी, जिसमें ए.डी.सी.पी.-3 का भी तबादला हुआ था। नए अधिकारी ने सोमवार को ही इलाके का पदभार संभाला था, लेकिन उनके आने के साथ ही चोरों ने उनके अधिकार क्षेत्र में इस बड़ी सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
चौक से चंद कदमों की दूरी पर वारदात, पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल
स्वतंत्रता दिवस के चलते जहां पुलिस प्रशासन शहर भर में नाकेबंदी और रात-दिन मुस्तैदी के दावे कर रहा था, वहीं मुख्य घुमार मंडी चौक से मात्र चंद कदमों की दूरी पर हुई इस बड़ी सेंधमारी ने सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। वारदात की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर 5 नकाबपोश आरोपियों की पहचान और उनके रूट को ट्रेस करने में जुटी हुई है।
कुछ दिनों से अज्ञात कर रहे थे रैकी :
दुकान मालिक ने बताया कि उसे शक है कि कुछ दिनों से कुछ युवक उसकी दुकान में आ रहे थे। जोकि खरीदारी तो नहीं करते थे, परन्तु मोबाइल पर बात करते हुए अंदर आते और देखकर फिर चले जाते है। उसे शक है कि ये उक्त लोग चोर हो सकते है। फिलहाल पुलिस इसकी जांच कर रही है।