Edited By Kamini,Updated: 02 Feb, 2026 10:00 AM

महानगर में अपराधियों के हौंसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब दिन-दिहाड़े वारदात को अंजाम दिया जा रहा है।
लुधियाना (राज): महानगर में अपराधियों के हौंसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब दिन-दिहाड़े वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। ताजा मामला ढंडारी इलाके का है, जहां रविवार दोपहर रॉल्सन फैक्टरी के पास बाइक सवार लुटेरों ने खूनी खेल खेलते हुए एक वर्कर को अपना शिकार बनाया। वारदात उस समय हुई जब एम.एस. एंटरप्राइजेज में काम करने वाला विनय कुमार अपने 2 साथियों के साथ काम खत्म कर बाजार से सब्जी लेकर लौट रहा था।
दोपहर करीब 2 बजे जैसे ही विनय कुमार अपने साथियों सहित रॉल्सन फैक्टरी के नजदीक पहुंचे, घात लगाए बैठे 2 बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया और तेजधार हथियारों से हमला कर लूट का शिकार बनाया। बताया जा रहा है कि, लुटेरों की नजर विनय के गले में चमक रहे सोने के लॉकेट पर थी। जैसे ही उन्होंने झपट्टा मारकर लॉकेट छीनने की कोशिश की, विनय ने बहादुरी दिखाते हुए उनका विरोध किया। खुद को घिरता देख लुटेरों ने तुरंत तेजधार हथियार निकाल लिए। हाथ में तलवार और हथियार देख विनय के दोनों साथी बुरी तरह घबरा गए, जिसका फायदा उठाते हुए हमलावरों ने विनय के हाथों पर ताबड़तोड़ वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। घायल विनय जब दर्द से कराह उठा, तो लुटेरे उसके गले से सोने का लॉकेट छीनकर रफूचक्कर हो गए।
इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और फैक्टरी मालिकों में भारी रोष देखा जा रहा है। घायल विनय को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां उसका उपचार करवाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही ग्यासपुरा चौकी की पुलिस हरकत में आ गई है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फैक्टरी मालिकों का कहना है कि अगर दिन-दिहाड़े वर्कर सुरक्षित नहीं हैं, तो वे काम कैसे करेंगे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here