Edited By Kamini,Updated: 04 Nov, 2026 01:06 PM

थाना कैंटोनमैंट के अंतर्गत आते गुरु अमरदास एवेन्यू क्षेत्र में प्रापर्टी और मकान के विवाद को लेकर भाई-भाभी द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर घर पर हमला कर मारपीट करने का मामला सामने आया है।
अमृतसर (जशन) : थाना कैंटोनमैंट के अंतर्गत आते गुरु अमरदास एवेन्यू क्षेत्र में प्रापर्टी और मकान के विवाद को लेकर भाई-भाभी द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर घर पर हमला कर मारपीट करने का मामला सामने आया है।
थाना कैंटोनमैंट की पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों सर्बजीत सिंह निवासी होली इंकलेव, संदीप कौर व अमरदीप सिंह निवासी जैंतीपुर के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को दिए गए बयान में सुखपाल सिंह निवासी मकान नंबर 64-ए, गली नंबर 05, गुरु अमरदास एवेन्यू, एयरपोर्ट रोड, अमृतसर ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से अपनी माता मोहिंदर कौर के साथ उक्त मकान में रह रहा है, जोकि उसकी माता ने उसके नाम कर दिया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार गत 8 अक्तूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे उसका भाई सर्बजीत सिंह और भाभी वाहनों पर सवार होकर आए और मुख्य दरवाजा पीटने लगे। जब अंदर से दरवाजा नहीं खोला गया, तो भाई दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुआ और कसी (फावड़े) के दस्ते से हमला कर दिया। बचाव करते समय यह वार सुखपाल सिंह की कलाई पर लगा। इसके बाद आरोपियों ने लॉबी का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और मारपीट की, जिससे सुखपाल सिंह और उसकी माता को चोटें आईं। बीच-बचाव करने आई उसकी बहन प्रभजोत कौर के साथ भी मारपीट कर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया गया।
रंजिश का कारण
पीड़ित के अनुसार विवाद की मुख्य वजह यह है कि आरोपी भाई उस मकान पर कब्जा करना चाहता है, जिसके चलते वह लगातार उनके साथ मारपीट कर रहा है और उन्हें घर से बेदखल करना चाहता है। इससे पहले भी कई बार पारिवारिक स्तर पर समझौते के प्रयास किए गए, जो विफल रहे। मामले की जांच कर रहे ए.एस.आई. गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयानों और मैडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध थाना कैंटोनमैंट में मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here