Edited By Kamini,Updated: 05 Nov, 2026 11:57 AM

हेरोइन के साथ गिरफ्तार किए गए कांस्टेबल के मामले में नई अपडेट सामने आई है।
अमृतसर (नीरज): एंटी ड्रोन सिस्टम ‘बाज अक्ख’ में तैनात कांस्टेबल करणबीर सिंह की 15 किलो हैरोइन के साथ गिरफ्तारी के मामले में गांव राजोके (तरनतारन) में आम आदमी पार्टी के सरपंच लखविन्दर सिंह की गिरफ्तारी के बाद अब एन.सी.बी. की टीम ने कांस्टेबल करणबीर के एक अन्य साथी हरजीत को भी गिरफ्तार कर लिया है। इतना ही नहीं हरजीत को शरण देने वाले व्यक्ति को भी एन.सी.बी. ने गिरफ्तार किया है जिसके ठिकाने में हरजीत छिपा हुआ था।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि हरजीत अपनी स्विफ्ट गाड़ी में कांस्टेबल करणबीर के साथ 8-10 बार हैरोइन की खेप को ठिकाने लगा चुका था। फिलहाल जैसे-जैसे एन.सी.बी. की जांच आगे बढ़ रही है वैसे-वैसे बड़े खुलासे हो रहे हैं। विभाग उन लोगों की भी तलाश कर रहा है जिन्होंने करणबीर व हरजीत से हैरोइन की डिलीवरी ली थी। इस केस में एक बड़े नेता का नाम भी उछल रहा है।
सरपंच ने 14 बार मंगवाई थी खेप
सरपंच लखविन्दर सिंह ने कांस्टेबल करणबीर के साथ मिलीभुगत करके एक या दो बार नहीं बल्कि 14 बार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हैरोइन व हथियारों की खेप मंगवाई थी। सरंपच ने कांस्टेबल के साथ सांठगांठ कर रखी थी कि जब भी उसका पाकिस्तान से ड्रोन डिलीवरी लेकर आए तो उसकी लोकेशन को या तो गलत बता दे या फिर छिपा ले। इतना ही नहीं जब वह एंटी ड्रोन सिस्टम से अवकाश पर जाए तो उसको बताकर जाए ताकि उस दिन पाकिस्तान से ड्रोन न मंगवाया जाए। दूसरी तरफ सरपंच की तरफ से डिलीवर की गई हैरोइन व हथियारों की खेपों के बारे में जांच शुरू कर दी गई है और सरपंच के नैटवर्क को ट्रेस किया जा रहा है।
वीरान इलाके के डेरे में होती थी ड्रोन से डिलीवरी
गिरफ्तार आरोपी वीरान इलाके में स्थित डेरे में ड्रोन की लैंडिंग करवाते थे। पाकिस्तान से आने वाला ड्रोन या तो डेरे में लैंडिंग करता था या फिर ऊपर से ही हैरोइन व हथियारों की खेप फैंकने के बाद वापस लौट जाता था। हैरोइन तस्करी में अभी तक 2 सरपंचों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हरमनदीप सिंह हम्मा के मामले में भी एन.सी.बी. की टीम ने एक सरपंच को गिरफ्तार किया था हालांकि हम्मा अभी तक एन.सी.बी. के हाथ नहीं लगा है। हम्मा की सुप्रीम कोर्ट से भी जमानत याचिका रद्द हो चुकी है।
अभी तक 6 लोगों की गिरफ्तारी
कांस्टेबल करणबीर के मामले में अभी तक 6 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है जिसमें करणबीर के अलावा बब्बू भूसा व सुखमनदीप कौर, सरपंच लखविन्दर सिंह, हरजीत व एक अन्य शामिल है। सूत्रों के अनुसार इस मामले में अभी और गिरफ्तारियां होनी तय हैं क्योंकि सरपंच के नैटवर्क में काफी सारे तस्कर संलिप्त हैं। कांस्टेबल करणबीर लंबे समय से हैरोइन पीने का आदी था लेकिन हैरानी की बात है कि विभाग को इसका पता नहीं चला।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here