Edited By Kalash,Updated: 22 Sep, 2026 11:11 AM

दुर्लभ और पुरानी करेंसी (नोट/सिक्के) बेचने के बदले 36 लाख रुपये का भारी मुनाफा दिलाने का सब्जबाग दिखाकर एक व्यक्ति से करीब 33.72 लाख रुपये की बड़ी ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
लुधियाना (राज): दुर्लभ और पुरानी करेंसी (नोट/सिक्के) बेचने के बदले 36 लाख रुपये का भारी मुनाफा दिलाने का सब्जबाग दिखाकर एक व्यक्ति से करीब 33.72 लाख रुपये की बड़ी ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रमन कौशल द्वारा पुलिस कमिश्नरेट को दी गई शिकायत की लंबी और गहन पड़ताल के बाद संबंधित थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की संगीन धाराओं के तहत आपराधिक मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी गई आधिकारिक शिकायत में रमन कौशल ने बताया कि आरोपी ने उसके साथ संपर्क साधा और खुद को पुरानी करेंसी व दुर्लभ सिक्कों/नोटों की खरीद-फरोख्त का जानकार बताया। आरोपी ने दावा किया कि पुरानी करेंसी के बदले अंतरराष्ट्रीय बाजार व बड़े खरीदारों से 36 लाख रुपये की भारी रकम दिलवाई जा सकती है। इस सौदे और रजिस्ट्रेशन, प्रोसेसिंग फीस व अन्य औपचारिकताओं का बहाना बनाकर आरोपी ने मुद्दई को अपने झांसे में ले लिया। भरोसे में आकर उस ने अलग-अलग किस्तों में आरोपी को कुल ₹33,72,150 (तैंतीस लाख बहत्तर हजार एक सौ पचास रुपये) की भारी रकम सौंप दी। जब उसने अपने वादे के मुताबिक 36 लाख रुपये की रकम या अपने दिए गए पैसे वापस मांगे, तो आरोपी टालमटोल करने लगा। काफी दबाव डालने के बाद भी आरोपी ने न तो पुरानी करेंसी के बदले कोई रकम दिलाई और न ही मुद्दई के गाढ़ी कमाई के ₹33.72 लाख वापस किए। उल्टा आरोपी उसको गुमराह करने लगा और संपर्क तोड़ लिया। खुद को ठगा महसूस करते हुए रमन कौशल ने न्याय की गुहार लगाते हुए पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शिकायत दर्ज करवाई।जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here