Edited By Kalash,Updated: 05 Mar, 2026 02:47 PM

नैंसी ग्रेवाल की हत्या को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं और मामले में अलग-अलग एंगल सामने आ रहे हैं।
पंजाब डेस्क : नैंसी ग्रेवाल की हत्या को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं और मामले में अलग-अलग एंगल सामने आ रहे हैं। इस बीच निहंग सिंह अकाली जसदीप सिंह का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी एक व्यक्ति या संगठन पर सीधे तौर पर आरोप लगाना फिलहाल सही नहीं होगा, क्योंकि नैंसी ग्रेवाल ने अपने बयानों में कई नेताओं, धार्मिक संस्थाओं और सामाजिक हस्तियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं।
जसदीप सिंह ने कहा कि यदि किसी एक व्यक्ति या समूह को निशाना बनाया गया होता तो यह समझना आसान होता कि इसके पीछे किसका हाथ हो सकता है, लेकिन उन्होंने कई नेताओं, निहंग सिंहों, सुखबीर बादल, राधा स्वामी डेरा प्रमुख, जत्थेदारों, एस.जी.पी.सी. और पंजाब के कुछ सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स के खिलाफ बयान दिए थे। ऐसे में यह कहना मुश्किल है कि यह वारदात किस वजह से और किसके द्वारा की गई।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन किसी की निजी जिंदगी पर टिप्पणी करना या अपशब्दों का इस्तेमाल करना सही नहीं माना जाता और कई लोग ऐसी बातों को बर्दाश्त नहीं करते।
इस मामले में अमृतपाल सिंह मेहरों का नाम भी चर्चा में आ रहा है, जिसने पहले कमल कौर नाम की महिला की हत्या की थी और सोशल मीडिया पर विवादित बयान देने वालों को चेतावनी भी दी थी। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि नैंसी ग्रेवाल की किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी थी या नहीं, क्योंकि यहां अधिकतर लोग उन्हें सोशल मीडिया के जरिए ही जानते थे।
जसदीप सिंह का कहना है कि इस घटना के कई पहलू हो सकते हैं और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पहले कुछ लोगों ने उन्हें भारत आकर अपने बयान देने की चुनौती भी दी थी। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि नैंसी ग्रेवाल द्वारा कुछ धार्मिक हस्तियों के खिलाफ की गई टिप्पणियों के कारण संगत में नाराजगी भी हो सकती है, लेकिन इस घटना के पीछे असल में कौन जिम्मेदार है, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here