Edited By Vatika,Updated: 09 Apr, 2026 09:42 AM

शहर में नाबालिग लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर अगवा करने के मामले थमने
लुधियाना(राज): शहर में नाबालिग लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर अगवा करने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला राहों रोड इलाके से सामने आया है, जहां एक कलयुगी 'प्रिंस' ने 13 साल की मासूम बच्ची को शादी का झांसा देकर अगवा कर लिया। हालांकि, लड़की की सूझबूझ और किस्मत के चलते वह दरिंदे के चंगुल से छूटने में कामयाब रही, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नाबालिग ने मां को फोन कर बताई आपबीती
पीड़िता की मां ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि उसकी 13 वर्षीय बेटी को आरोपी प्रिंस ने 15 अक्टूबर 2025 को राहों रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास अपनी बातों के जाल में फंसाया। आरोपी ने उसे शादी करने और सुनहरे भविष्य का लालच दिया और उसे बहला-फुसलाकर लुधियाना रेलवे स्टेशन ले गया। वहां से आरोपी उसे ट्रेन के जरिए फिल्लौर स्टेशन ले गया, ताकि किसी को उन पर शक न हो। फिल्लौर से आरोपी फिर लड़की को लेकर लुधियाना वापस आया और उसे राहों रोड स्थित इंदिरा कॉलोनी की गली नंबर 5 में एक ठिकाने पर ले गया। वहां मौका पाकर नाबालिग ने अपनी मां को फोन कर दिया और आपबीती सुनाते हुए अपनी लोकेशन बताई।
न्याय की गुहार लगाते पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई
जानकारी मिलते ही बदहवास मां मौके पर पहुंची और 16 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे अपनी बेटी को वहां से सुरक्षित बाहर निकाल लाई। पीड़िता की मां ने बताया कि वह कुछ घरेलू मजबूरियों और डर के कारण तुरंत थाने नहीं पहुंच सकी थी, लेकिन अब उसने न्याय की गुहार लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। थाना मेहरबान की पुलिस ने महिला के बयानों के आधार पर आरोपी प्रिंस के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।