Edited By Vatika,Updated: 09 Apr, 2026 09:14 AM

आर.के. रोड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया ‘A’ ब्लॉक में एक फैक्ट्री में काम के दौरान दर्दनाक
लुधियाना ( गणेश / सचिन): आर.के. रोड स्थित इंडस्ट्रियल एरिया ‘A’ ब्लॉक में एक फैक्ट्री में काम के दौरान दर्दनाक हादसा सामने आया है। क्रेन के साथ फट्टे बांधने के दौरान बिजली की तार में करंट होने से दो मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
क्रेन चला रहा मजदूर गंभीर रूप से झुलसा
मृतक की पहचान सतिंदर कुमार सिंह (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मुस्लिम कॉलोनी, शेरपुर का रहने वाला था और मूल रूप से गांव एसवाल का निवासी था। वह अपने परिवार का सहारा था। उसके दो छोटे बच्चे हैं, जबकि उसकी पत्नी विदेश में रहती है। जानकारी के अनुसार, सतिंदर कुमार सिंह क्रेन में लगे फट्टे बांध रहा था, जबकि दूसरा प्रवासी मजदूर क्रेन चला रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही बिजली की तार में करंट होने के कारण दोनों उसकी चपेट में आ गए। करंट लगने से सतिंदर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि क्रेन चला रहा मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया।
फरार फैक्ट्री मालिक की तलाश जारी
घायल मजदूर को तुरंत ओसवाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद फैक्ट्री मालिक मौके से फरार हो गया, जिससे इलाके में रोष का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भेज दिया गया। मृतक के परिजनों ने फैक्ट्री मालिक पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार फैक्ट्री मालिक की तलाश जारी है।