Edited By Vatika,Updated: 04 Apr, 2026 10:44 AM

गांव उमेदपुर बस स्टैंड के पास एक निजी बस चालक की लापरवाही के कारण 15 वर्षीय
लुधियाना (राज): गांव उमेदपुर बस स्टैंड के पास एक निजी बस चालक की लापरवाही के कारण 15 वर्षीय किशोरी के गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया है। छात्रा कंप्यूटर कोर्स कर घर लौट रही थी, तभी हादसे का शिकार हो गई। इस मामले में थाना सहनेवाल की पुलिस ने घायल लड़की के पिता के बयानों पर बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
घर से कंप्यूटर कोर्स करने निकली थी छात्रा
पुलिस को दिए बयानों में घायल लड़की कमलप्रीत कौर के पिता गुरमीत सिंह ने बताया कि उनकी बेटी रोजाना की तरह 1 अप्रैल को साहनेवाल में कंप्यूटर कोर्स करने गई थी। दोपहर करीब 12:30 बजे वे उमेदपुर बस स्टैंड पर अपनी बेटी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान ग्रेवाल कंपनी की बस वहां पहुंची।
बताया जा रहा है कि कमलप्रीत कौर बस से उतरने के लिए दरवाजे (खिड़की) के पास खड़ी थी। जैसे ही बस स्टैंड आया, ड्राइवर ने बड़ी लापरवाही दिखाते हुए एकदम से तेज ब्रेक मार दी। बस का झटका इतना जोरदार था कि कमलप्रीत संतुलन खो बैठी और सीधे सड़क पर जा गिरी। हादसे के बाद बच्ची की मदद करने की बजाए बस चालक मौके से बस समेत फरार हो गया। घायल लड़की को तुरंत सिविल अस्पताल साहनेवाल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।